संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर की टीम ने पाकिस्तान से संबंधित सीमा पार नशा तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। सीआई ने दो आरोपियों को चार किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अटारी निवासी आकाशदीप सिंह उर्फ टोनी और बासरके भैणी निवासी पवनबीर सिंह के रूप में हुई है। आरोपियों से पुलिस ने एक बाइक भी जब्त की है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पाकिस्तानी तस्कर राणा किंग के निर्देश पर काम कर रहे थे। राणा किंग ड्रोन के जरिये भारत में नशे की खेप भिजवाता है। सीआई अमृतसर को सूचना मिली थी कि सीमा क्षेत्र से नशे की बड़ी खेप आई है। सीआई ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को छेहरटा-सन्न साहिब रोड स्थित मनु अस्पताल के पास से दबोच लिया। आरोपी हेरोइन की खेप दूसरी पार्टी को सौंपने जा रहे थे। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि तस्करों के पूरे नेटवर्क को उजागर करने के लिए जांच तेज कर दी गई है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां व नशा बरामदगी की संभावना है। इस मामले में एसएसओसी अमृतसर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।