संवाद न्यूज एजेंसी
गुरदासपुर। केंद्र सरकार के विकसित भारत प्रोजेक्ट एआई के अध्यक्ष गुरपाल सिंह ने मंगलवार को गुरदासपुर में स्कूल प्रमुखों के साथ बैठक की। इसका उद्देश्य अगले एक वर्ष में देशभर के एक करोड़ युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जोड़ना है।
गुरपाल सिंह ने बताया कि इस परियोजना की शुरुआत पंजाब के सीमावर्ती जिले गुरदासपुर से हुई है। उन्होंने इसे देश के डिजिटल परिवर्तन में महत्वपूर्ण कदम बताया। अध्यक्ष ने एआई तैयारी कौशल कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने स्कूल प्रमुखों को छठी से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों की जानकारी पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया। गुरपाल सिंह ने कहा कि बच्चों को एआई उपयोगकर्ता नहीं, बल्कि एआई डेवलपर बनाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट की कमी पर सरकार संसाधन उपलब्ध कराएगी और ऑफलाइन माध्यम से भी शिक्षा दी जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने इसे गुरदासपुर के लिए गर्व का क्षण बताया। इस मिशन के लिए जल्द ही मास्टर प्रशिक्षकों का एक दल तैयार होगा।