सीटी इंस्टीट्यूट के शाहपुर कैंपस में छात्रों के बीच कैंटीन के खाने को लेकर विवाद के बाद झड़प हो गई। हंगामे के दौरान हॉस्टल में तोड़फोड़ हुई और कई खिड़कियों के कांच टूट गए। सामने आए वीडियो में कैंपस में अफरा-तफरी और कुछ छात्रों के हाथों में बैट व रॉड दिखाई दे रही हैं। हालांकि, थाना-5 के प्रभारी यादविंदर सिंह ने डंडे, बैट या तेजधार हथियार चलने से इनकार किया है।
खाने में टैबलेट मिलने से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, कुछ छात्रों के खाने में टैबलेट जैसी चीज और रैपर मिलने के बाद विवाद शुरू हुआ। खुद को बिहार का बताने वाले छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्होंने इसकी शिकायत प्रशासन और कैंटीन संचालक से की थी और दो दिन से बेहतर खाना देने की मांग कर रहे थे। छात्रों ने कश्मीरी छात्रों पर मारपीट शुरू करने का आरोप भी लगाया है। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।