फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: बरेली मंडल में कोहरे ने मचाया कोहराम, सड़क हादसों में साले-बहनोई समेत तीन की मौत, 30 से अधिक घायल

Sun, 18 Jan 2026 02:14 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला नेटवर्क, बरेली

सार

बरेली मंडल में रविवार को सुबह घने कोहरे के कारण कई सड़क हादसे हुए। हादसों में साले-बहनोई समेत तीन की मौत हो गई। पीएसी के आठ सिपाहियों समेत 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं। जानते हैं कहां-कहां सड़क हादसे हुए...।
Register For Event
विज्ञापन
1 of 6
कोहरे के कारण टकराए कई वाहन - फोटो : संवाद
बरेली समेत पीलीभीत और शाहजहांपुर में रविवार को सुबह कोहरे के कारण हुए सड़क हादसों से कोहराम मच गया। बरेली के फरीदपुर में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर रोडवेज बस समेत 20 वाहन टकरा गए। इस हादसे में रोडवेज बस चालक की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हो गए। भुता क्षेत्र में बरेली-बीसलपुर रोड पर ट्रक से कार की टक्कर हो गई, जिससे कार सवार दंपती समेत तीन लोग चोटिल हो गए। उधर, शाहजहांपुर में हाईवे पर ट्रक की टक्कर से साले-बहनोई की मौत हो गई। तीन लोग घायल हुए हैं। पीलीभीत में असम हाईवे पर पीएसी की गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से भिड़ गई। इस हादसे में चालक समेत आठ सिपाही घायल हुए हैं।
 
विज्ञापन

2 of 6
हाईवे पर खड़े क्षतिग्रस्त वाहन - फोटो : संवाद
फरीदपुर में भिड़े 20 वाहन 
बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में सुबह के वक्त हाईवे पर घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता शून्य हो गई। जानकारी के मुताबिक सुबह आठ बजे शुगर मिल के समीप लखनऊ-दिल्ली हाईवे की दोनों लेन पर एक के बाद एक 20 वाहन टकरा गए। वाहनों की टक्कर होते ही हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल भिजवाया। 
विज्ञापन

3 of 6
क्षतिग्रस्त रोडवेज बस - फोटो : संवाद
रोडवेज बस चालक की मौत 
बताया जा रहा है कि सोहराब गेट डिपो की रोडवेज बस गोरखपुर से मेरठ जा रही थी। यह बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इसके बाद पीछे से आए कई वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। हादसे में रोडवेज बस चालक मुजफ्फरनगर के ग्राम बहादुरपुर हुसैनपुर निवासी अतर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। वह बस में फंस गया था। पुलिस ने उसे निकालकर अस्पताल भिजवाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

4 of 6
भुता में ट्रक से टकराई कार - फोटो : संवाद
भुता में ट्रक से टकराई कार  
बरेली के भुता कस्बा में बाजार के सामने सुबह आठ बजे कोहरे के कारण ट्रक और कार की टक्कर हो गई। जिससे कार सवार शाहजहांपुर के कस्बा खुटार निवासी संगम वाजपेई, उनकी पत्नी प्रियंका मिश्रा और साले सचिन मिश्रा घायल हो गए। गनीमत रही कि कार का एयरबैग खुल गया था, जिससे उनको हल्की चोटें आईं। हालांकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी बिथरी चैनपुर भिजवाया।
विज्ञापन

5 of 6
ट्रक के नीचे दबी बाइक - फोटो : संवाद
शाहजहांपुर में साले-बहनोई की मौत 
शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र में सीतापुर-बरेली नेशनल हाईवे पर चकभिटारा मोड़ के समीप रविवार सुबह करीब नौ बजे ट्रक से बाइक को टक्कर लग गई। बाइक ट्रक के पिछले पहिए में फंसकर घिसटती चली गई। हादसे में बाइक चालक महावीर (45 वर्ष) निवासी चकभिटारा और उनके साले हेमनाथ (30 वर्ष) निवासी पालीचक थाना मोहम्मदी जिला लखीमपुर खीरी की मौत हो गई। इस हादसे में ट्रक की चपेट में आने से टेंपो चालक घायल हुआ है। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक भाग गया। 
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
अस्पताल में सीओ सिटी ने घायल सिपाहियों का जाना हाल - फोटो : संवाद
डिवाइडर से टकराई पीएसी की गाड़ी 
पीलीभीत के थाना गजरौला क्षेत्र में रविवार को सुबह घने कोहरे के कारण असम हाईवे पर पीएसी की गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में वाहन चालक समेत आठ सिपाही घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पीएसी के सिपाही पूरनपुर क्षेत्र के धनाराघाट पर आयोजित गंगा स्नान मेले में ड्यूटी के लिए जा रहे थे।  


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें