फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान में चलती बस में लगी भीषण आग: 20 से अधिक यात्रियों की मौत, कई झुलसे; पीएम मोदी ने की मुआवजे की घोषणा

Tue, 14 Oct 2025 05:30 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जैसलमेर

सार

Jaisalmer Road Accident: जैसलमेर में चलती एसी बस में भीषण आग से 20 से अधिक यात्रियों की मौत होने की खबर आई है। सवार 57 यात्रियों में से कई ने बस से कूदकर जान बचाई, जबकि 19 गंभीर रूप से झुलस गए। घटना को लेकर पीएम मोदी की प्रतिक्रिया भी आई है।
 
Register For Event
विज्ञापन
1 of 5
धू-धू कर जलती बस - फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के जैसलमेर जिले में मंगलवार दोपहर एक चलती एसी बस में लगी भीषण आग ने भयावह रूप ले लिया। हादसे में अब तक 20 से अधिक यात्रियों की मौत हो गई है। कई लोग बस में ही जिंदा जल गए, जबकि कुछ ने खिड़कियां तोड़कर किसी तरह जान बचाई। बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद बस का फाटक ही लाॅक हो गया था, जिससे लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। बस में कुल 57 यात्री सवार थे। हादसे के बाद 19 गंभीर रूप से झुलसे यात्रियों को जोधपुर रेफर किया गया था, जिनमें से अधिकांश की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। चार घायलों का इलाज जैसलमेर में जारी है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
 
स्थानीय पत्रकार राजेंद्र सिंह चौहान भी इस हादसे में जान गंवाने वालों में शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बस जैसलमेर से जोधपुर की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में अचानक एसी यूनिट में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची दमकल टीमों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल मौतों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। घटना के बाद मुख्यमंत्री ने बुधवार को प्रस्तावित बिहार दौरा रद्द कर दिया है और राहत-बचाव की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

सीएमओ ने बताया कि जोधपुर लाए गए ज्यादातर 70 प्रतिशत से अधिक बर्न के मामले हैं। इनमें से अधिकांश की स्थिति अतिगंभीर थी। सीएमओ की तरफ गैर आधिकारिक रूप से यहां भी कई मौतों की बात कही गई है। ऐसे में यात्रियों की मौत का आंकड़ा 35 तक पहुंच सकता है। घटना में एक सेना के जवान महेंद्र, उनकी पत्नी और दो बच्चियों के भी बस में होने की सूचना आई है। महेंद्र जैसलमेर में गोला बारूद डिपो में पोस्टेड थे। सेना अब उनकी जानकारी जुटा रही है।

पीएम मोदी ने किया मुआवजे का एलान
बस हादसे को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि जैसलमेर में हुए एक हादसे में हुई जान-माल की हानि से व्यथित हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। उन्होंने आगे लिखा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
 

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने हादसे को सोशल मीडिया पर फिर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा कि जैसलमेर से जोधपुर आ रही बस में आग लगने से 20 लोगों की मृत्यु हृदय विदारक है। इस हादसे की सूचना से मन विचलित है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं घायलों को शीघ्र स्वस्थ करने की प्रार्थना करता हूं।
 

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जैसलमेर रवाना
जैसलमेर हादसे पर सीएम भजनलाल ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कलेक्टर एसपी से फोन पर बात करके पीड़ितों को हर संभव मदद के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दुखद घटना पर लगातार फ़ीडबैक ले रहे हैं। सी एम भजनलाल शर्मा जैसलमेर के लिए रवाना हो गए हैं।  
 
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटनास्थल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।


वहीं, पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी ने कहा कि बस से 19 शव बरामद हुए थे। डीएनए जांच से उनकी पहचान की जाएगी। उन्होंने कहा कि जोधपुर में एक घायल की मौत के बाद मृतकों का आंकड़ा 20 पहुंच गया है।
विज्ञापन

2 of 5
चलती बस में लगी आग - फोटो : अमर उजाला
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने जताया दुख
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने घटना पर दुख जताते हुए कहा है कि लोगों को जल्द स्वास्थ्य लाभ मिले। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जैसलमेर से जोधपुर जा रही बस में भीषण आग लगने से कई लोगों के हताहत होने का चिंताजनक समाचार मिला है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि इस हादसे में कम से कम जनहानि हो एवं झुलसे हुए लोगों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो।
 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने हादसे पर जताया दुख
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने जैसलमेर से जोधपुर आ रही एक निजी बस में लगी भीषण आग की हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। इस भीषण दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु होने और कई यात्रियों के घायल होने पर संवेदना व्यक्त करते हुए राठौड़ ने कहा कि यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक और असहनीय है। यह सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि कई परिवारों की दुनिया उजड़ने जैसा है। जिन परिवारों ने इस त्रासदी में अपने परिजनों को खोया है, उनके दुःख में हम सभी गहरे रूप से सहभागी हैं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हो।

प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना के तुरंत बाद संवेदनशीलता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सरकार इस कठिन समय में पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़ी है।

चलती बस में उठने लगा धुआं, मिनटों में आग ने वाहन को जकड़ा
जानकारी के मुताबिक, यह घटना दोपहर करीब 3:30 बजे जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर थईयात गांव के पास हुई। बस में कुल 57 यात्री सवार थे। जानकारी के अनुसार, बस रोजाना की तरह दोपहर 3 बजे जैसलमेर से जोधपुर के लिए रवाना हुई थी। करीब 20 किलोमीटर चलने के बाद अचानक बस के पिछले हिस्से से धुआं उठने लगा। इससे पहले कि चालक या यात्री कुछ समझ पाते, आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।


 
विज्ञापन

3 of 5
चलती बस में आग लगने से मची अफरातफरी - फोटो : अमर उजाला
खिड़कियां तोड़कर यात्रियों ने बचाई जान, ग्रामीणों ने की मदद
आग लगते ही बस में चीख-पुकार मच गई और यात्री जान बचाने के लिए खिड़कियां तोड़कर बाहर कूदने लगे। कई यात्रियों के कपड़े और सामान जल गए। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। दमकल विभाग और पुलिस को भी सूचना दी गई।

यह भी पढ़ें- Rajasthan News: सांसद राव राजेंद्र सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ी, शहीद की अंतिम यात्रा के दौरान अचेत होकर गिरे

4 of 5
दमकल कर्मियों ने पाया आग पर काबू - फोटो : अमर उजाला
दमकल ने मशक्कत के बाद बुझाई आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका
दमकल की गाड़ियां कुछ ही देर में मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि बस के इंजन या वायरिंग में शॉर्ट सर्किट से आग लगी हो सकती है।



वहीं, नगर परिषद के असिस्टेंट फायर ऑफिसर कृष्णपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि सूचना मिलते ही वे टीम के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। उन्होंने कहा कि बस पूरी तरह से आग का गोला बन चुकी थी। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रथम दृष्टया करीब 10 से 12 लोगों के जिंदा जल जाने की आशंका है।

आग लगने की वजह आई सामने
जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर बस हादसे की वजह सामने आ गई है। जानकारी के मुताबिक, निजी बस में पटाखों का परिवहन किए जाने से बस में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। उसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे लगभग 10-12 यात्री काल का ग्रास बन गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
जली हुई बस और आसपास खड़े स्थानीय तथा पुलिस - फोटो : अमर उजाला
ट्रॉमा सेंटर खाली, डॉक्टरों की इमरजेंसी ड्यूटी लगी
MDM अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि हमें हादसे की सूचना मिलते ही ट्रॉमा सेंटर खाली करवा दिया गया। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात कर दिया गया है। ‎महात्मा गांधी हॉस्पिटल में भी पूरी तैयारी की गई है, ताकि किसी भी मरीज को देर न हो। जोधपुर प्रशासन की देखरेख में घायलों की चिकित्सा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। 16 घायलों को जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में रेफर किया गया है। बस हादसे में घायलों को जोधपुर लाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है। 
 
हादसे में गंभीर रूप से झुलसे 16 यात्री जोधपुर रेफर किए गए, जिनमें ओमाराम पुत्र गुना रन (22) निवासी लाठी, उबेदुल्ला पुत्र सुमार खान (50) निवासी गोमट, लक्ष्मण पुत्र गंगाराम (50) निवासी सेतरावा, महिपाल सिंह पुत्र नाग सिंह (50) निवासी एका रामदेवरा, यूनूस पुत्र पीर मोहम्मद (8) निवासी बंबरो की ढाणी, आशीष पुत्र अभय कुमार (45) निवासी जोधपुर, फिरोज पुत्र इदुखान (40) निवासी गंगाना जोधपुर, विशाखा पत्नी आशीष (47) निवासी जोधपुर, मनोज भाटिया पुत्र राजेश्वर भाटिया (35) निवासी जेएनवी कॉलोनी, जीरराज पुत्र अजमल (15) निवासी भवानीपुरा, इमामत पत्नी पीर मोहम्मद (60) निवासी बंबरो की ढाणी, इकबाल पुत्र अली खान (52) निवासी गंगाना जोधपुर, भागा बाई पुत्री हाजी खान (59) निवासी बंबरो की ढाणी, हुसैन पुत्र इब्राहिम (79) निवासी जावंध, रफीक पुत्र समरू खान (21) निवासी गोमट और पीर मोहम्मद पुत्र सोराब खान आदि शामिल हैं। हादसे में यात्रियों के चेहरे, हाथ-पैर और शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए। अधिकांश घायलों के शरीर का 60 से 70 फीसदी हिस्सा झुलस गया है।

जिला प्रशासन ने जारी किए नंबर 
जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है और संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत एवं चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। घायलों का श्री जवाहिर चिकित्सालय में चिकित्सकों द्वारा तत्परता से उपचार किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए जिला प्रशासन ने नंबर जारी किए हैं जो नीचे लिखे हैं। 

📞 9414801400,
📞 8003101400
📞02992-252201
📞02992-255055

कलेक्टर बोले- मृतकों की पहचान सुनिश्चित करें
जैसलमेर कलेक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद रहीं। दुर्घटना में घायल 16 यात्रियों को जैसलमेर जिलाअस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर के लिए रेफर किया गया। जिला प्रशासन की दिवंगत यात्रियों के प्रति गहरी संवेदना है, हम इस दुखद घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ हैं। मृतक यात्रियों के परिजनों से अपील करता हूं कि वे अपने परिवार के सदस्य या परिचित की पहचान सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन की हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। 

यह भी पढ़ें- सरकारी टीचर की ऐसी सनक: पूर्व मंत्री की कार में मारा मुक्का, ड्राइवर को पीटा; ओवरटेक करते समय बिगड़ गया मामला
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें