'दिल्ली क्राइम सीजन 3'
- फोटो : वीडियो ग्रैब
दिल्ली क्राइम सीजन 3
13 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो रहा है दिल्ली क्राइम का सीजन 3। दिल्ली पुलिस की दमदार अफसर वर्तिका चतुर्वेदी एक बार फिर लौट रही हैं- इस बार एक ऐसे केस के साथ जो मानव तस्करी के नेटवर्क को उजागर करेगा। शेफाली शाह का किरदार फिर से केंद्र में है, जबकि हुमा कुरैशी इस बार एक रहस्यमयी विलेन के रूप में नजर आएंगी। यह सीजन पिछले दोनों सीजनों से ज्यादा डार्क और इमोशनल बताया जा रहा है। दिल्ली के दिल में बसने वाले इस अपराध की कहानी आपको अंत तक बांधे रखेगी।
अविहितम
14 नवंबर को जियोहॉटस्टार पर यह फिल्म दस्तक दे रही है। मलयालम फिल्म ‘अविहितम’ में उत्तर केरल के एक छोटे गांव की कहानी दिखाई गई है, जहां दोस्तों का एक समूह घूमने जाता है और रास्ते में एक ऐसी घटना घटती है जो सबकी जिंदगी बदल देती है। गांव की रहस्यमयी पृष्ठभूमि और भावनात्मक ट्विस्ट से भरी यह फिल्म सामाजिक रिश्तों की परतें खोलती है। यह कहानी रूरल ड्रामा के साथ-साथ सस्पेंस का भी शानदार मिश्रण है।
जुरासिक वर्ल्ड: रिबर्थ
जियो हॉटस्टार पर 14 नवंबर को आ रही है हॉलीवुड फिल्म जुरैसिक वर्ल्ड रिबर्थ।डायनासोर की दुनिया में एक बार फिर धमाकेदार वापसी होने वाली है। कहानी एक फार्मा कंपनी के इर्द-गिर्द घूमती है जो डायनासोर के डीएनए से इंसानों की बीमारियों का इलाज ढूंढना चाहती है। लेकिन जब वैज्ञानिकों की टीम एक रहस्यमयी द्वीप पर पहुंचती है, तो शुरू होता है असली खतरा। सस्पेंस, साइंस और एक्शन का ये कॉम्बो फैंस के लिए बड़ा ट्रीट साबित होगा।
आंटीप्रेन्योर
13 नवंबर को शेमारूमी पर यह गुजराती फिल्म रिलीज हो रही है। 65 वर्षीय जसुबेन की कहानी आपको प्रेरित करेगी और मुस्कुराएगी भी। सुप्रिया पाठक कपूर इस गुजराती फिल्म में एक विधवा का किरदार निभा रही हैं जो अपनी हाउसिंग सोसाइटी बचाने के लिए महिलाओं के साथ मिलकर स्टॉक मार्केट में कदम रखती है। जसुबेन का संघर्ष और उनकी उद्यमशीलता की कहानी एक सशक्त महिला की मिसाल पेश करती है। ये फिल्म हर उस व्यक्ति के लिए है जिसने कभी ‘अब बहुत देर हो गई’ कहा हो।
दशावतार
14 नवंबर को जी5 पर आ रही है दशावतार। ‘दशावतार’ एक वृद्ध लोककला कलाकार बाबूली मेस्ट्री की कहानी है जो अपनी परंपरागत कला को बचाने के लिए जूझ रहा है। फिल्म में समाज और आधुनिकता के बीच संघर्ष को बहुत खूबसूरती से दिखाया गया है। यह फिल्म लोकसंस्कृति की आत्मा को छूती है और पुराने कलाकारों की व्यथा को आवाज देती है।
यह खबर भी पढ़ें: थलपति विजय की आगामी फिल्म ‘जन नायकन’ की ओटीटी रिलीज को लेकर आई बड़ी अपडेट, जानिए कब और कहां आएगी मूवी
इंस्पेक्शन बंगला
जी 5 पर 14 नवंबर को ये थ्रिलर सीरीज रिलीज हो रही है। केरल की पहली पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेशन थ्रिलर सीरीज ‘इंस्पेक्शन बंगला’ दर्शकों को डर और हंसी दोनों का स्वाद देगी। सब-इंस्पेक्टर शबरीश वर्मा जब अपने थाने को एक पुराने सरकारी बंगले में शिफ्ट करता है, तो वहां शुरू होती है रहस्यमयी घटनाओं की एक चेन। हॉरर और कॉमेडी का यह मिश्रण इस सीरीज को खास बनाता है।