Ganesh Chaturthi 2026: भगवान गणेश को हिंदू धर्म में प्रथम पूजनीय देवता और विघ्नों का नाश करने वाला माना गया है। किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत से पहले गणपति की आराधना करने की परंपरा है। भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से देशभर में गणेश उत्सव का शुभारंभ होता है। इस दौरान घरों और सार्वजनिक पंडालों में गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है।
गणेश चतुर्थी के नजदीक आते ही भक्तों में उत्साह बढ़ने लगता है। बाजारों में सजावट और पूजा सामग्री की खरीदारी शुरू हो जाती है, वहीं जगह-जगह गणेश पंडाल सजाए जाने लगते हैं। धार्मिक मान्यता है कि गणपति की श्रद्धापूर्वक पूजा करने से जीवन में आने वाली परेशानियां कम होती हैं और घर में सुख, शांति एवं समृद्धि का वास होता है। ऐसे में अगर आप भी वर्ष 2026 में गणेश उत्सव मनाने की तैयारी कर रहे हैं, तो पूजा की तिथि और शुभ समय की जानकारी पहले से जानना उपयोगी रहेगा।