यूपी के गोरखपुर में कचहरी चौराहे से फॉर्म लेकर लौट रही छात्रा का टेंपो सवार युवकों ने अपहरण कर लिया। उन्होंने नशीला पदार्थ सुंघाकर अचेत करने के बाद उसे रात भर बंधक बनाकर रखा। सोमवार की सुबह कचहरी बस स्टेशन के पास छोड़कर फरार हो गए।
उधर, इसी दिन परीक्षा देकर लौट रही एक अन्य छात्रा का भी कचहरी के पास से अपहरण कर लिया गया। छात्रा के पिता ने गांव के युवक के साथ ही ढाबा मालिक के खिलाफ तहरीर दी है।
पिपराइच की छात्रा शाहपुर में किराए पर रहती है। वह सिविल लाइंस स्थित कोचिंग सेंटर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है। रविवार की दोपहर तीन बजे वह वह फार्म लेने कचहरी चौराहे पर गई थी। लौटते समय कचहरी के पास टेंपो सवार तीन युवकों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर उसका अपहरण कर लिया। उन्होंने रात में उसे अनजान स्थान पर बंधक बनाकर रखा। सोमवार की सुबह आठ बजे कचहरी के पास उसे छोड़कर फरार हो गए।
छात्रा ने राहगीरों की मदद से फोन कर घटना की जानकारी अपने पिता को दी। दोपहर में कैंट थाने पहुंचे परिवार के लोगों ने तहरीर दी। छात्रा के अनुसार तीन अनजान नंबरों से उसके मोबाइल पर फोन आता था। कॉल करने वाले दोस्ती करने का दबाव बनाते थे। उन्हें पूरे परिवार की जानकारी थी। उसने इस मामले की जानकारी दिल्ली में रहने वाले अपने भाई को दी थी। जब भाई ने उनसे फोन पर बात की तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
छात्रा के पिता की तहरीर पर अपहरण कर मुकदमा दर्ज कर पुलिस छात्रा के बताए नंबर के आधार पर छानबीन में जुटी है।