सतना जिले के नागौद में तेज बारिश के बीच बाइक सवार तीन लोग बह गए
- फोटो : Amar Ujala
सतना जिले के नागौद में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। शुक्रवार देर रात ललचहा इटमा नाले में मोटरसाइकिल सवार तीन लोग बह गए। हादसे के बाद दो लोग किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि तीसरे व्यक्ति का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। लापता व्यक्ति की तलाश के लिए एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
नाले के तेज बहाव में अनियंत्रित हुई बाइक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेमरी निवासी बालेंद्र सिंह सेमरी उर्फ गप्पू अपनी मोटरसाइकिल से गांव की ओर जा रहे थे। रास्ते में अमसिल निवासी दीपू पांडेय ने उनसे लिफ्ट मांगी। बताया जा रहा है कि दीपू के साथ एक अन्य व्यक्ति भी था, जिसे शराब दुकान का मैनेजर बताया जा रहा है। इसके बाद तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर आगे रवाना हुए। जब तीनों ललचहा इटमा नाले के पास पहुंचे, उस समय बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव काफी तेज था। इसी दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी और तीनों लोग पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए।
दो लोगों ने तैरकर बचाई जान
हादसे के बाद तीनों लोग पानी के तेज बहाव में बहने लगे। इस दौरान बालेंद्र सिंह सेमरी और दीपू पांडेय ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई और सुरक्षित बाहर निकल आए। दोनों के सुरक्षित घर पहुंचने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, उनके साथ मौजूद तीसरा व्यक्ति तेज बहाव में बह गया। काफी तलाश के बावजूद उसका अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।
एसडीआरएफ और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लापता व्यक्ति की तलाश शुरू कराई गई। बाद में एसडीआरएफ की टीम को भी सर्च ऑपरेशन में लगाया गया। ग्रामीण भी रेस्क्यू टीम के साथ मिलकर नाले और उसके आसपास के संभावित स्थानों पर तलाश कर रहे हैं। लगातार बारिश और नाले में तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। टीम पानी के बहाव की दिशा में भी लापता व्यक्ति की तलाश कर रही है।
ये भी पढ़ें-
Twisha Case: फुटेज किसने गायब कराए, फंदे की बेल्ट डॉक्टरों को क्यों नहीं सौंपी? चार्जशीट के बाद भी उठे सवाल
बारिश में नदी-नालों के तेज बहाव से बढ़ा खतरा
क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण कई नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में उफनते नालों और रपटों को पार करना जानलेवा साबित हो सकता है। ललचहा इटमा नाले की घटना ने एक बार फिर बारिश के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है। फिलहाल, लापता व्यक्ति की तलाश जारी है। पुलिस और प्रशासन की टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही हादसे से जुड़ी पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।