सतना में लगातार हो रही अतिवृष्टि और कैचमेंट एरिया से नदियों में भारी मात्रा में पानी आने के चलते बाढ़ का खतरा गंभीर हो गया है। सतना, रामपुर बघेलान, कोटर, रघुराजनगर और नागौद तहसील क्षेत्रों में बाढ़ का रेड अलर्ट जारी किया गया है। सिमरावल नदी और उससे जुड़ी सहायक नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने की स्थिति में है। इससे नदी किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों में अचानक जलभराव तथा बाढ़ की आशंका बढ़ गई है।
जिला प्रशासन ने संभावित खतरे को देखते हुए प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों के ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होने की अपील की है। प्रशासन की ओर से लोगों को नदी, नाले और तेज बहाव वाले जलमार्गों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
रामपुर बघेलान-कोटर के गांवों में बढ़ी चिंता
प्रशासन ने रामपुर बघेलान एवं कोटर तहसील के कई गांवों और तटीय क्षेत्रों को संवेदनशील माना है। इनमें अकाउना, अबेर, इतौर, बर्दाढीह, कोरगंवा, गजिगवां, गौरैया, ढोढी, भातिगवां, मैनपुरा, गोलहटा, गढ़वा कला, टेढ़गवां, रजरवार, किचवरया, लॉलाक्ष, खोहर, घटबेलवा, कितहा पेपखार, मांझीहार पेपाखार, गढ़वा खुर्द, रघुनाथपुर, मढ़ी, सोनवर्षा, खामहा, रामनगर, कन्दवा, थथारा, माझीयार कोठार, पीपरक्षा, वनपरा, पिथेपुर, रेहुता, बरती, बेला और क्षिबौरा सहित आसपास के तटीय क्षेत्र शामिल हैं। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और सुरक्षित स्थानों की ओर जाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
रघुराजनगर में नदी किनारे के इलाकों पर नजर
रघुराजनगर तहसील के सुहास, रंगोली, सिमरावल तटीय सीमावर्ती गांव, अमौधा, बाबूपुर, महदेवा, इटौरा, पोंडी, बकिया और सकरिया सहित सतना एवं सिमरावल नदी के प्रवाह मार्ग में आने वाले निचले और तटीय ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। नदी के जलस्तर में वृद्धि होने पर इन क्षेत्रों में खेतों, संपर्क मार्गों और निचली बस्तियों में पानी पहुंचने की आशंका बनी हुई है।
नागौद में नदी-नालों से लगे गांव संवेदनशील
नागौद तहसील में भी नदी-नालों और सिमरावल के बहाव क्षेत्र से लगे इलाकों को लेकर प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। जसईपुर, सिंहपुर तटीय क्षेत्र, रहिकवारा, अमकहा, गंज और पिपरी सहित नदी सीमा से सटे निचले गांवों और बस्तियों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की अपील की गई है।
प्रशासन की अपील, पुल-पुलियों से दूरी बनाए रखें
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बाढ़ प्रभावित या संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से आवाजाही न करें। नदी और नालों के पुल-पुलियों, रपटों तथा तेज बहाव वाले स्थानों को पार करने का प्रयास न करें। जलस्तर बढ़ने पर बच्चों, बुजुर्गों और परिवार के अन्य सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने को प्राथमिकता दी जाए। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।
यह भी पढ़ें:
उज्जैन: महाकाल के दरबार में भस्म आरती का दिव्य नजारा, चांदी के मुकुट और मुंड माला से सजे बाबा
24 घंटे सक्रिय रहेगा बाढ़ कंट्रोल रूम
बाढ़ की स्थिति से निपटने और प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तर पर 24x7 बाढ़ कंट्रोल रूम सक्रिय किया गया है। जिला स्तरीय बाढ़ कंट्रोल रूम: 07672-223211, स्थान: संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन, प्रथम तल, कक्ष क्रमांक एफ-19, सतना। प्रभारी अधिकारी, राहत शाखा: 9993754244, प्रभारी, बाढ़ कंट्रोल रूम: 9425520172। जिला प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपील की है कि जलस्तर में वृद्धि या किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल कंट्रोल रूम अथवा स्थानीय प्रशासन को दें।