धुएं के गुबार दूर-दूर तक फैल गए हैं।
- फोटो : अमर उजाला
गुरुवार दोपहर नीमच के नयागांव के केसरपुरा स्थित कचरा प्लांट में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया। कचरा जलने से उठे काले धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगे। कचरा प्लांट हाईवे के समीप होने के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और दोनों ओर लंबा जाम लग गया। राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे, वहीं स्थानीय नागरिकों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। प्लांट में सूखा कचरा, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही देर में आग ने भयावह रूप धारण कर लिया।
पढ़ें: देवी-देवता का ढोंग कर महिलाओं से ठगी करने वाले पर एक्शन, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
धुएं के कारण क्षेत्र में वायु प्रदूषण भी बढ़ गया। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड और पानी के टैंकर मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। समाचार लिखे जाने तक आग बुझाने का कार्य जारी था।
गर्मी में बढ़ रही आगजनी की घटनाएं
नीमच-मंदसौर जिले में इन दिनों तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। भीषण गर्मी के चलते आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। तीन दिन पहले मंदसौर जिले के सीतामऊ में सिविल अस्पताल के पास आग लगी थी। गुरुवार को केसरपुरा कचरा प्लांट के साथ-साथ मंदसौर के ट्रांसपोर्ट नगर और स्टेशन रोड स्थित विद्युत डीपी में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं।