भोपाल में यूसीसी का विरोध कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
- फोटो : अमर उजाला
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के विरोध में बुधवार को मध्यप्रदेश में मुस्लिम समुदाय ने एक साथ आवाज बुलंद की। विधायक आरिफ मसूद के आह्वान पर प्रदेश के करीब 50 जिला मुख्यालयों पर समुदाय के लोगों ने प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर यूसीसी को वापस लेने की मांग की। कई जगह महिलाओं ने भी प्रदर्शन में भाग लिया। राजधानी भोपाल में 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर कार्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर समान नागरिक संहिता का विरोध दर्ज कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं।
संविधान ने पर्सनल लॉ की आजादी दी
विधायक आरिफ मसूद ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि यूसीसी के खिलाफ आंदोलन का यह पहला चरण है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में मुस्लिम समुदाय के लोग जिला मुख्यालय पहुंचे और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। मसूद ने कहा कि संविधान का अनुच्छेद 29 नागरिकों को अपनी संस्कृति और अधिकारों की रक्षा का आधार देता है। मुस्लिम समुदाय अपने व्यक्तिगत कानूनों के तहत मिलने वाले अधिकारों को बनाए रखने की मांग कर रहा है। उन्होंने कहा कि इन संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें-
CBI को मिली गिरिबाला-समर्थ की कॉल रिकॉर्डिंग, वॉइस सैंपल-आईफोन डेटा मिलने पर पेश होगा पूरक चालान