मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। बारिश के चलते कई शहरों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार इंदौर, उज्जैन और शहडोल संभाग के कई इलाकों के साथ भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर, चंबल, जबलपुर और सागर संभाग के कुछ जिलों में वर्षा हुई। सबसे अधिक 53.9 मिमी बारिश सतना में दर्ज की गई। इसके अलावा अनूपपुर में 50.2 मिमी और नौगांव में 39 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
तापमान में आई गिरावट
बारिश के कारण नर्मदापुरम संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री, जबकि उज्जैन संभाग में 2.6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस पृथ्वीपुर (निवाड़ी/ग्वालियर क्षेत्र) में रिकॉर्ड हुआ, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस खरगोन में दर्ज किया गया।
इन जिलों में अच्छी बारिश
सतना, अनूपपुर, नौगांव, भींड, सीधी, पचमढ़ी, पांढुर्णा, उज्जैन, गुना, शाजापुर, खंडवा, शिवपुरी, सागर और आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां बनी हुई हैं। अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें-
भोपाल का चौथा रेलवे स्टेशन कल से शुरू: 3 साल का इंतजार खत्म, दो ट्रेनों का रहेगा ठहराव, सीएम करेंगे शुभारंभ
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने बालाघाट, सिवनी, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, सतना, पन्ना, मैहर, कटनी, जबलपुर, दमोह और नरसिंहपुर जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं रायसेन, विदिशा, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, बड़वानी, खंडवा, धार, खरगोन, बुरहानपुर, हरदा, अलीराजपुर, बैतूल, नर्मदापुरम, मुरैना, श्योपुर, ग्वालियर, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, झाबुआ, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, गुना, अशोकनगर और सागर सहित आसपास के क्षेत्रों में हल्की गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।