यूपी सरकार के मंत्री नंद गोपाल नंदी।
- फोटो : amar ujala
योगी सरकार के मंत्री नंद गोपाल नंदी बृहस्पतिवार को सुल्तानपुर पहुंचे। यहां उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल के एक निजी कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान मंत्री नंदी ने राहुल गांधी के 'वोट चोरी' के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी। नंदी ने कहा कि राहुल गांधी पहले भी ऐसे आरोप दो बार उठा चुके हैं। उन्होंने राहुल पर तंज कसते हुए कहा कि वे 'सुबह कुछ करते हैं, दोपहर कुछ करते हैं और शाम कुछ करते हैं।'
मंत्री नंदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े आठ साल से प्रदेश में गुंडे और माफियाओं का सफाया किया जा रहा है। नंदी ने बताया कि सरकार ऐसे अपराधियों को कड़ी सजा दे रही है, जिसका परिणाम यह है कि उत्तर प्रदेश में उद्योगों में निवेश लगातार बढ़ रहा है।
ये भी पढ़ें - राहुल गांधी के मानहानि मामले की सुनवाई टली, अगली सुनवाई 17 नवंबर को, अमित शाह पर टिप्पणी का है मामला
ये भी पढ़ें - दो अर्थियां... एक चिता... साथ उठे पति-पत्नी के शव, बच्चे की किलकारी सुनने की तैयारी में था परिवार, अब सब खत्म
उन्होंने जोर देकर कहा कि जो भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में लेगा, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि आम जनता, व्यापारी और नागरिक भयमुक्त होकर अपना जीवन और व्यवसाय चला सकें। मंत्री नंदी के अनुसार, प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में ऐसा माहौल तैयार हुआ है, जहां लोग बिना किसी डर के कहीं भी आ-जा सकते हैं और व्यापार कर सकते हैं।
अधिवक्ता आजाद अहमद हत्याकांड के मुख्य आरोपी के दो साल से फरार होने के सवाल पर मंत्री नंदी ने कहा कि उन्हें इस मामले की पूरी जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री का मत है कि कानून को हाथ में लेने वाले या कानून के खिलाफ काम करने वाले किसी भी व्यक्ति को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि कोई भी व्यक्ति कानून का उल्लंघन करेगा तो उसे निश्चित रूप से सजा मिलेगी।