गोसाईंगंज। क्षेत्र के कमालापुर निवासी वाहन चालक राम गोपाल (38) का शव रविवार सुबह गांव के बाहर खेत में बने मचान से लटका मिला। उनके बेटे रजनीश ने पिता की हत्या कर शव फंदे पर लटकाने की आशंका जताई है।
इंस्पेक्टर डीके सिंह के अनुसार, राम गोपाल खेती के साथ स्कूली बच्चों को वाहन से लाते-छोड़ते थे। रजनीश ने बताया कि शनिवार शाम पिता गाड़ी बनवाकर घर लौटे थे, फिर कहीं चले गए। देर रात तक वापस न लौटने पर मां रेनू ने कई बार फोन किया, पर बात नहीं हो सकी। रविवार सुबह उनका शव खेत में बने मचान से रस्सी के सहारे लटका मिला, पास में उनकी वैन खड़ी थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही घरवालों ने शव नीचे उतार लिया था।
घरवालों ने नहीं दी तहरीर
पिता की हत्या कर शव फंदे से लटकाए जाने की आशंका जताते हुए कहा कि वह आत्महत्या नहीं कर सकते हैं। आरोप है कि पिता की जेब में मिले मोबाइल से शनिवार शाम सात बजे से रात नौ के बीच की कॉल डिटेल डिलीट की गई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजनों ने मामले में कोई तहरीर नहीं दी है।