सांस्कृतिक मुद्दों पर सीएम योगी से मिला उत्तराखंडी समाज
लखनऊ। उत्तराखंड समाज की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उत्तराखंड समाज से जुड़े सामाजिक और सांस्कृतिक मुद्दों, उत्तराखंड महोत्सव आदि विषयों पर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के विकास कार्यों और बेहतर नेतृत्व के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी। प्रतिनिधिमंडल में हरीश चंद्र पंत, भरत सिंह बिष्ट, गणेश चंद्र जोशी और केएन चंदोला शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि हर साल आयोजित होने वाले उत्तराखंड महोत्सव और उत्तरायणी कौथिग जैसे कार्यक्रमों से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोककला और परंपराओं को बढ़ावा मिल रहा है। बैठक में भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन के संरक्षण का विषय भी उठाया गया।