महाराष्ट्र मुफ्त की रेवड़ियां बांटने में सबसे आगे
कुल खर्च में उत्तर प्रदेश नौवें स्थान पर है। महाराष्ट्र मुफ्त की रेवड़ियां बांटने में सबसे आगे है। कर्नाटक में यूपी के मुकाबले करीब दस गुना और तमिलनाडु में सात गुना से अधिक प्रति व्यक्ति खर्च हो रहा है। महाराष्ट्र का कुल खर्च भी उत्तर प्रदेश से करीब तीन गुना है। इस आकलन में राज्यों के सब्सिडी खर्च के लिए नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) के 2024-25 के ऑडिटेड राज्य वित्त आंकड़ों और नकद सहायता योजनाओं के लिए स्टेट ऑफ स्टेट फाइनेंस-2026-27 रिपोर्ट का इस्तेमाल किया गया है। इसमें पेंशन को शामिल नहीं किया गया है। देश के 29 राज्यों का औसत प्रति व्यक्ति खर्च 4,805 रुपये है, जबकि यूपी में यह इसका एक चौथाई भी नहीं है।
छोटे राज्यों का खर्च ज्यादा
छोटे राज्यों से तुलना करें तो गोवा में प्रति व्यक्ति 5,949 रुपये, हिमाचल में 2,640, मिजोरम में 1,524 और सिक्किम में 1,261 रुपये खर्च किए जा रहे हैं। ये सभी आंकड़े यूपी के 1,188 रुपये से अधिक हैं। हालांकि, अरुणाचल , नगालैंड और मेघालय जैसे राज्यों में प्रति व्यक्ति खर्च यूपी से कम भी है।
बिजली सब्सिडी पर कृषि से कहीं ज्यादा खर्च
उत्तर प्रदेश में मुफ्त सुविधाओं के खर्च का सबसे बड़ा हिस्सा बिजली और पानी से जुड़ी रियायतों पर है। फ्रीबी मीटर के के मुताबिक, इस मद में प्रदेश का कुल खर्च 19,765 करोड़ रुपये है। इसमें 88 प्रतिशत ऊर्जा विभाग की बिजली सब्सिडी, आठ प्रतिशत मुफ्त कृषि बिजली और चार प्रतिशत सिंचाई के पानी पर रियायत के रूप में है। यानी बिजली सब्सिडी पर होने वाला खर्च मुफ्त कृषि बिजली और सिंचाई जल पर होने वाले खर्च से कहीं अधिक है। बिजली और पानी पर खर्च के मामले में उत्तर प्रदेश देश में पांचवें स्थान पर है। राजस्थान 32,599 करोड़, कर्नाटक 30,312 करोड़, मध्य प्रदेश 26,649 करोड़ और महाराष्ट्र 20,197 करोड़ रुपये खर्च कर रहे हैं।