लखनऊ के विकासनगर में बृहस्पतिवार रात चलती कार में फॉग लाइट में हुए शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। हादसे के दौरान तीन बार हुए धमाकों से लोग दहल उठे। दमकल कर्मियों ने एक गाड़ी से आधे घंटे में काबू पा लिया। सरबाग निवासी फरीद बृहस्पतिवार रात परिवार संग कार से खुर्रमनगर एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
रात 9:30 बजे वह विकासनगर में टेढ़ी पुलिया के पास पहुंचे ही थे तभी उन्हें फाॅग लाइट से धुआं उठता दिखाई पड़ा। आनन-फानन फरीद ने परिवार संग कार से कूद कर अपनी जान बचाई। तभी अचानक कार में आग की लपटें उठने लगीं। यह देख फरीद घबरा गए और परिवार संग घर चले गए।
कार धूं-धूं कर जलने लगी। भीषण लपटें देख राहगीर व अन्य लोग सहम उठे। इस बीच कार में तीन धमाके हो गए। इससे लोग और घबरा गए। वे पानी और बालू से आग बुझाने में जुट गए। इस बीच विकासनगर पुलिस और फायर स्टेशन इंदिरानगर से दमकल कर्मी एक गाड़ी के साथ घटना पर गए। दमकल कर्मियों ने करीब 45 मिनट में आग पर काबू पा लिया।
एफएसओ केके सिंह ने बताया कि कार में आग शॉर्ट सर्किट से लगी है। हालांकि, कार में हुए धमाकों का कारण पता नहीं चल सका है। इसकी वजह जांच होने पर ही पता चल सकेगी। थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि फरीद से संपर्क कर उन्हें बुलाया गया है। गनीमत रही कि फरीद और घरवालों को कोई चोट नहीं आई है।
मड़ियांव में बृहस्पतिवार रात दो बाइक आमने सामने टकरा गई। हादसे में एक बाइक जल गई। जबकि चालक घायल हो गया। दमकल ने एक गाड़ी से आग पर काबू पा लिया। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्र ने बताया कि बृहस्पतिवार रात मड़ियांव निवासी रजनीश बाइक से कहीं जा रहे थे।
रात करीब नौ बजे वह यादव चौराहे पर पहुंचे ही थे कि तभी उनकी बाइक सामने से आ रही मोटरसाइकिल से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि रजनीश छिटक कर दूर जा गिरे और घायल हो गए। तभी रजनीश की बाइक में आग लग गई।
हादसे से वहां अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस और दमकल को दी। पुलिस ने रजीनश को अस्पताल में भर्ती कराकर उनके परिजनों को सूचना दी। वहीं, दमकल कर्मियों ने कुछ ही देर में आग बुझा ली। इंस्पेक्टर ने बताया कि रजनीश की हालत सामान्य है। जबकि घटना के बाद मोटर साइकिल सवार वहां से चला गया था। मामले में अभी रजनीश के घरवालों ने तहरीर नहीं दी है।