उत्तर प्रदेश में बिजली चोरी रोकने के लिए बिजली विभाग स्मार्ट मीटर और बंद केबल लगा रहा है, लेकिन बिजली चोरों ने इससे बचने का नया तरीका खोज लिया है। अब मीटर की चिप और प्रोग्रामिंग में छेड़छाड़ कर वास्तविक खपत को कम दर्ज कराया जा रहा है। लेसा में ऐसे मामले सामने आने के बाद पूरे प्रदेश में मीटरों की रैंडम जांच कराने की रणनीति बनाई गई है।
ऊर्जा विभाग के अनुसार, प्रदेश में हर साल करीब पांच हजार करोड़ रुपये की बिजली चोरी होती है। इसे रोकने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। विजिलेंस और विभागीय जांच टीमों को विवाद से बचाने के लिए बॉडी वॉर्न कैमरों और जीपीआरएस प्रणाली से लैस किया गया है। स्मार्ट मीटर और बंद केबल लगाने से चोरी के मामलों में कमी आने का दावा भी किया जा रहा है। इसके बावजूद बिजली चोर नए तरीके अपना रहे हैं।
लेसा की जांच में पता चला है कि कुछ उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक ऊर्जा मीटर के आंतरिक सर्किट और सॉफ्टवेयर या फर्मवेयर से छेड़छाड़ कर रहे हैं। इसके लिए मीटर के पिछले हिस्से में ड्रिलिंग कर छेद बनाया जाता है और अंदरूनी इलेक्ट्रॉनिक सर्किट तक पहुंच बनाई जाती है। इसके बाद मीटर की प्रोग्रामिंग और कॉन्फिगरेशन में बदलाव कर दिया जाता है। इससे उपभोक्ता को सामान्य तरीके से बिजली की आपूर्ति होती रहती है और मीटर बाहर से भी सामान्य दिखाई देता है, लेकिन वास्तविक खपत सही तरीके से दर्ज नहीं होती।
पूरे प्रदेश में होगी जांच: अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. आरके स्वर्णकार ने बताया कि इस तरीके में मीटर की मापन और रिकॉर्डिंग प्रणाली को प्रभावित किया जाता है। इसलिए ऐसी चोरी पकड़ना तकनीकी चुनौती है। इसे देखते हुए मीटरों की बाहरी स्थिति के साथ उनकी आंतरिक इलेक्ट्रॉनिक प्रणाली और दर्ज बिजली खपत की भी जांच कराई जा रही है।
डॉ. स्वर्णकार के मुताबिक, लेसा में मीटर से छेड़छाड़ कर खपत कम दर्ज कराने के मामले सामने आए हैं। अब प्रदेशभर में निगरानी के दौरान मीटरों की भी जांच की जा रही है। इसमें भौतिक और सॉफ्टवेयर आधारित अनधिकृत छेड़छाड़ की पड़ताल होगी। ऐसे मामले मिलने पर संबंधित उपभोक्ताओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।