लखनऊ। जिले की दो सीएचसी में खराब पड़ीं अल्ट्रासाउंड मशीनों की जगह नई मशीनें स्थापित होंगी। इसके लिए एनटीपीसी ने सीएसआर के तहत स्वास्थ्य विभाग को बजट सौंपा है। सीएमओ का कहना है कि इसी माह मशीन खरीदकर सीएचसी में स्थापित करा दी जाएंगी।
जिले में 20 सीएचसी हैं। इनमें से पांच सीएचसी में अल्ट्रासाउंड मशीन करीब छह माह से खराब पड़ी हैं, जिससे गर्भवती व सामान्य मरीजों की जांच नहीं हो पा रही है। ई वाउचर भी जनरेट न होने से गर्भवती को निजी केंद्र भेजा जा रहा है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि एनटीपीसी के सीएसआर फंड से मिले करीब 37 लाख रुपये से स्वास्थ्य विभाग दो अल्ट्रासाउंड मशीनें खरीदेगा। एक मशीन रेडक्रॉस व दूसरी गोसाईंगंज सीएचसी में स्थापित की जाएगी। सीएमओ ने बताया कि दोनों मशीनों की खरीद की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
टुड़ियागंज में स्थापित हुई नई मशीन
टुड़ियागंज सीएचसी में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित हो गई है। इसके लिए डीएम ने क्रिटिकल केयर फंड से बजट मुहैया कराया था। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि सीएचसी में अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू होने से गर्भवतियों को जांच के लिए दूसरे केंद्र पर नहीं जाना पड़ेगा।
इन सीएचसी में मशीनें अभी खराब
अलीगंज, आलमबाग चंदरनगर, ऐशबाग, नगराम में मशीनें खराब हैं।