नगराम। नगराम पुलिस ने बृहस्पतिवार को दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। तस्करों के पास से 78.330 किलो गांजा, 12,500 रुपये नकद, कार और दो आईफोन बरामद किए हैं। बरामद गांजे की कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई है।
डीसीपी साउथ मो. मुश्ताक के अनुसार, 13 अगस्त की सुबह पांच बजे नगराम-गंगागंज मार्ग स्थित हुसैनाबाद तिराहे पर चेकिंग के दौरान एक कार में छह बोरियों में गांजा बरामद किया। पुलिस ने कार सवार नगराम के समेसी निवासी प्रिंस जायसवाल और कस्बा नगराम निवासी अभिजीत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बहराइच से गांजा लाकर लखनऊ, रायबरेली, बाराबंकी समेत आसपास के जिलों में चिह्नित ठिकानों पर सप्लाई करते थे। गिरफ्तार आरोपियों ने गैंग से जुड़े कुछ अन्य साथियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। पुलिस उनके बारे में जानकारी जुटा रही है।