तस्करी का सोना बरामद (सांकेतिक)
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
नेपाल के रास्ते तस्करी कर लाया गया करीब 2.76 करोड़ रुपये का विदेशी सोना बाराबंकी में पकड़ा गया है। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) की लखनऊ टीम ने 26 अक्तूबर को अहमदपुर टोल प्लाजा पर निजी बस से दो तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 1.996 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना बरामद हुआ। सोने के दो पीस में से एक व्यक्ति ने इन्हें अपने जूतों के तलवों के नीचे छिपा रखा था।
डीआरआई को खुफिया जानकारी मिली थी कि नेपाल के रास्ते विदेशी मूल के सोने की तस्करी कर उसे सिद्धार्थनगर से दिल्ली ले जाया जा रहा है। इस पर अधिकारियों ने संदिग्धों की पहचान के लिए निगरानी बढ़ाई। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी बस्ती से निजी बस में सवार हुए थे और उन्होंने फर्जी नामों से टिकट बुक कराए थे। डीआरआई की टीम ने उनकी पहचान करने के बाद बाराबंकी के अहमदपुर टोल प्लाजा पर बस रुकवाकर दोनों को उतारा और तलाशी ली।
तलाशी में उच्च शुद्धता वाले विदेशी मूल के सोने की दो बट्टियां बरामद हुईं, जिनका कुल शुद्ध वजन 1.996 किलोग्राम था। इनकी अनुमानित कीमत करीब 2.76 करोड़ रुपये आंकी गई है। डीआरआई ने सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत सोना जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
डीआरआई इस तस्करी सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और इसके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। आगामी चुनावों के मद्देनजर प्रदेश में संवेदनशील मार्गों पर निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी गई है। डीआरआई के मुताबिक, जनवरी 2026 से अब तक उत्तर प्रदेश में विदेशी मूल के तस्करी के सोने के 10 अलग-अलग मामलों में करीब 24 करोड़ रुपये मूल्य का 16.47 किलोग्राम सोना जब्त किया गया है। इन मामलों में कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।