लखनऊ। काम का भुगतान न होने पर सआदतगंज के मोहम्मदगंज बावली निवासी शटरिंग ठेकेदार राधे प्रजापति (50) ने शुक्रवार शाम घर में फंदा लगा लिया। पुलिस को मिले सुसाइड नोट में राधे ने चार लोगों पर भुगतान की हड़पने का आरोप लगाया है।
राधे के बेटे अभिषेक के मुताबिक शुक्रवार शाम सभी घर पर थे। तभी पिता दूसरे कमरे में चले गए। दस मिनट बाद कुछ अनहोनी का अंदेशा होने पर बहन जब पिता के कमरे में गई तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से झांकने पर पिता बिजली के तार से पंखे के हुक सहारे लटके मिले। चीख पुकार पर अन्य घरवाले और पड़ोसी आ गए। दरवाजा तोड़कर पिता को नीचे उतारा। मौके पर पहुंची पुलिस ने अपने कब्जे में सुसाइड नोट ले लिया। अभिषेक के मुताबिक पिता ने कुछ लोगों से रकम उधार ले कर चार लोगों का शटरिंग काम किया था। आरोप है कि चारों ने पिता को भुगतान नहीं किया था। इस कारण वह अवसाद में रहते थे। इंस्पेक्टर संतोष आर्य के मुताबिक तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। राधे के परिवार में दो बेटे, पत्नी प्रेमलता और तीन बेटियां हैं।