मोहनलालगंज। मोहनलालगंज के सिसेंडी मार्ग पर स्थित बांक पुल पर बुधवार की सुबह आठ बजे न्यू पब्लिक इंटर कॉलेज की स्कूल वैन की सामने से डीसीएम से टक्कर हो गई। टक्कर से वैन में बैठे दो छात्र व वैन चालक घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वैन चालक की हालत गंभीर बताई गई है। वहीं, हादसे के बाद आरोपी डीसीएम चालक भाग निकला।
मोहनलालगंज के नवलखेड़ा गांव निवासी दिलीप यादव का बेटा ॠषभ यादव (6) और मोहनलालगंज थाना परिसर में रहने वाले सिपाही योगेंद्र सिंह का बेटा सास्वत सिंह (6) मुरलीनगर स्थित न्यू पब्लिक इंटर कॉलेज में केजी के छात्र हैं। बुधवार सुबह वैन चालक गुड्डू यादव दोनों बच्चों को लेकर सिसेंडी से मोहनलालगंज की तरफ स्कूल जा रहा था। बांक पुल के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम की स्कूल वैन से टक्कर हो गई। दोनों वाहनों की टक्कर देख आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ कर पहुंच गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामूली रूप से चोटिल सास्वत को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया, जबकि घायल ऋषभ व वैन चालक गुड्डू का इलाज चल रहा है। सूचना पर पहुंची मोहनलालगंज पुलिस ने वैन व डीसीएम को कब्जे में ले लिया है। एसीपी मोहनलालगंज रजनीश वर्मा ने बताया कि हादसे के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
स्कूल से कोई भी हालचाल लेने नहीं पहुंचा
घायल बच्चों अभिभावकों का आरोप है की घटना की सूचना देने के बावजूद स्कूल से कोई भी जिम्मेदार अस्पताल हालचाल लेने तक नहीं आया। एसीपी मोहनलालगंज ने बताया कि वैन के सभी कागजात वैध हैं। स्कूल प्रिंसिपल शशि प्रभा का भी यही कहना है कि वैन के सभी कागजात पूरे व वैध हैं और वैन की हालत भी दुरुस्त है।
नींद पूरी न होने की कही बात फिर भी पकड़ा दी वैन
घायल बच्चों के अभिभावकों ने बताया कि शंकर खेड़ा गांव निवासी वैन के चालक गुड्डू के रिश्तेदार की तबीयत खराब होने के कारण वह मंगलवार की पूरी रात अस्पताल में रहे और सो नहीं सके। आरोप है कि बुधवार की सुबह चालक स्कूल पहुंचा और वैन चलाने में असमर्थता जताई, लेकिन स्कूल वाले नहीं माने। मजबूरन चालक बच्चे लेने गया और हादसा हो गया।
दो ही बच्चे थे वैन में
वैन से 25 बच्चों आते-जाते हैं। बुधवार सुबह वैन चालक एक चक्कर बच्चों को स्कूल छोड़ आया था। दूसरे चक्कर में बचे हुए दो बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था और रास्ते में हादसा हो गया।
चोटिल सास्वत को वैन में ही छोड़ गए लोग
हादसे के बाद लोग मामूली चोटिल सास्वत सिंह को स्कूल वैन के अंदर ही छोड़कर चले गए। एक राहगीर महिला ने वैन के अंदर अकेले बच्चे को रोता देख उसके आई कार्ड पर लिखे नंबर पर कॉल कर घरवालों को खबर दी। इसके बाद परिजन बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे।
हादसे के बाद खड़ी डीसीएम, क्षतिग्रस्त स्कूल वैन, घायल छात्र व वैन चालक।
हादसे के बाद खड़ी डीसीएम, क्षतिग्रस्त स्कूल वैन, घायल छात्र व वैन चालक।
हादसे के बाद खड़ी डीसीएम, क्षतिग्रस्त स्कूल वैन, घायल छात्र व वैन चालक।
हादसे के बाद खड़ी डीसीएम, क्षतिग्रस्त स्कूल वैन, घायल छात्र व वैन चालक।