लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय की प्लेसमेंट सेल ने कोका-कोला से संबद्ध एसएलएमजी बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड में फील्ड अफसर के 50 पदों पर भर्ती के लिए स्नातक व परास्नातक विद्यार्थियों से आवेदन मांगे हैं। सालाना पैकेज तीन लाख रुपये तक होगा। यात्रा भत्ता भी दिया जाएगा।
चयनितों को वितरक स्तर पर इनवॉइस ऑडिट, रिटेलरों को दी जा रहीं दरों व योजनाओं का सत्यापन करना होगा। रिटेल पॉइंट्स पर रैंडम ऑडिट से ऑर्डर के अनुरूप इनवॉइस की उपलब्धता सुनिश्चित करानी होगी। चयनितों को चार रुपये प्रति किमी की दर से यात्रा भत्ता भी मिलेगा। लविवि से संबद्ध लखनऊ सहित सीतापुर, लखीमपुर, हरदोई और रायबरेली के विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं।
22 तक कर सकते हैं आवेदन
इच्छुक विद्यार्थी लखनऊ विश्वविद्यालय की वेबसाइट के केंद्रीय प्लेसमेंट सेल अनुभाग के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसकी अंतिम तिथि 22 मार्च है।
क्षमता की परख के लिए टेस्ट 27 को
गांधी फेलोशिप टीम के सहयोग से 27 मार्च को 21वीं सदी का नेतृत्व कैसा हो विषय पर विशेष क्षमता-विकास सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें 35 मिनट का टेस्ट भी होगा, जिससे विद्यार्थियों की क्षमता का आकलन हो सकेगा। इसकी शुरुआत सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक होगी। विवि के राधा कमल मुखर्जी सभागार में होने वाले कार्यक्रम के लिए विद्यार्थियों से 24 मार्च तक आवेदन मांगे गए हैं। अभ्यर्थियों का चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगा।
कोट.....
विद्यार्थियों को रोजगार देने के साथ उनके नेतृत्व क्षमता को भी परखने की पहल की गई है। यह विद्यार्थियों के लिए अच्छा अवसर है।
- प्रो. अनूप भारतीय, निदेशक, प्लेसमेंट सेल