चालक व परिचालक को किया गया सम्मानित।
लखनऊ। आजमगढ़ डिपो की बस यूपी 78 केटी 2112 में शुक्रवार को सुल्तानपुर के यात्री का बैग छूट गया। बस के आलमबाग बस अड्डे पहुंचने पर परिचालक रमेश चंद्र यादव और चालक संदीप पांडेय को चेकिंग के दौरान बैग मिला, जिसमें पांच लाख रुपये थे। कुछ देर बाद बस अड्डे पहुंचे यात्री को बैग लौटा दिया गया।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने यात्री का बैग सुरक्षित लौटाने पर कर्मियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह घटना परिवहन विभाग के कर्मचारियों की ईमानदारी, जिम्मेदारी व सेवा भाव का उदाहरण है। बैग में महत्वपूर्ण दस्तावेज, नकदी व अन्य जरूरी सामान था। उन्होंने कहा कि विभाग के कर्मचारी यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए निरंतर समर्पित हैं। इस प्रकार की घटनाएं न केवल विभाग की सकारात्मक छवि को मजबूत करती है, बल्कि अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। दूसरी ओर, रोडवेज के एमडी प्रभु एन. सिंह के निर्देश पर चालक व परिचालक को क्षेत्रीय प्रबंधक आजमगढ़ ने उपहार देते हुए सम्मानित किया है।