लखनऊ। हजरतगंज, आईटी, हुसैनगंज चौराहे के बाद ट्रैफिक पुलिस ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पर नया प्रयोग शुरू किया है। चौराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर यातायात परिवर्तित किया गया है। अब लोहिया अस्पताल की ओर से जाने वाले वाहनों को चौराहे पर ठहरना नहीं पड़ेगा। यह यातायात सीधे शहीद पथ की ओर जा सकेगा।
विज्ञापन
यही नहीं, यातायात बाएं मुड़कर हाईकोर्ट भी आसानी से जा सकेगा। इसी तरह शहीद पथ की ओर से आने वाले वाहन भी चौराहे पर नहीं रुकेंगे। वह सीधे पिकप भवन की ओर जा सकेंगे। हालांकि, लोहिया अस्पताल की ओर से आने वाले वाहन चौराहे से दाएं नहीं मुड़ पाएंगे। अब इन्हें चौराहे से सीधे आगे जाकर यूटर्न लेना पड़ेगा। ऐसे ही हयात होटल की ओर से आने वाला यातायात हाईकोर्ट की ओर सीधे नहीं जा पाएगा। यह बाएं मुड़कर थोड़ी दूर आगे जाने के बाद यूटर्न लेकर जा सकेगा। एडीसीपी ट्रैफिक के मुताबिक, अभी ट्रॉयल के तौर पर इसे शुरू किया गया है। अगर ट्रॉयल सफल होता है तो इसे स्थायी तौर पर लागू किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट में वर्तमान में अवकाश है। इसको देखते हुए यह प्रयोग शुरू किया गया है।