लखनऊ। भाई के साथ स्कूटी से मंगलवार रात मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहीं ज्योति से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश चेन लूट ले गए। पुलिस लूट की एफआईआर दर्ज कर लुटेरों की तलाश में लगी है।
एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह ने बताया कि सी-ब्लॉक निवासी ज्योति गुप्ता बड़े मंगल के अवसर पर दर्शन के लिए हनुमान मंदिर भाई के साथ गई थीं। वापसी के दौरान अरावली मार्ग पर रात लगभग 10:30 बजे पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाश झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन लूट ले गए। इस दौरान ज्योति गिरते-गिरते बचीं। सूचना पर पहुंची गाजीपुर पुलिस ने बाइक सवार बदमाशों को इधर-उधर तलाशा पर कुछ पता नहीं चल सका। एसीपी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से बाइक सवार लुटेरों की फुटेज मिली है। पुलिस टीम लुटेरों की तलाश में लगाई गई है।