लखनऊ के मडियांव में एक छात्रा ने एक कंपनी और एक कोचिंग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का कहना है कि उसने मेडिकल प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी के लिए कोचिंग जॉइन की थी। इसके लिए लोन लिया था।
आरोप है कि लोन रिकवरी एजेंसी के एजेंट आपत्तिजनक बातें और धमकी भरे फोन कर रहे हैं। इससे पीड़िता व उसका परिवार डिप्रेशन में है। 21 सितंबर को 4:20 बजे रिकवरी एजेंट ने फोन करके लोन माफ कराने को लेकर आपत्तिजनक बातें की। विरोध करने पर गाली गलौज की।
पुलिस जांच में जुटी
आरोपी पीड़िता की चाची को भी गंदे और धमकी भरे मैसेज कर रहे हैं। इन घटनाओं के चलते पीड़िता गहरे अवसाद में चली गई। हालत बिगड़ने पर कई दिनों तक मेडिकल कॉलेज में भर्ती रहना पड़ा।
पीड़िता ने कंपनी के मालिक और रिकवरी एजेंसी व एजेंट के खिलाफ मडियांव थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।