पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की प्रतिमा की गई दुरुस्त
दरक गई थी तीन साल पहले बनी प्रतिमा
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। लालबाग में नगर निगम मुख्यालय के सामने लगी पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की दरक गई प्रतिमा को अब सही कर दिया गया है। तीन साल पहले ही बनी प्रतिमा के दरक जाने को लेकर अमर उजाला ने सोमवार को मामला उठाया था और मंगलवार को समाचार भी प्रकाशित किया था। जिसको लेकर नगर निगम प्रशासन की ओर से प्रतिमा को आधी रात के बाद ही दुरुस्त कराकर उसकी पॉलिश भी कराई गई। जिससे सुबह प्रतिमा चमकती दिखी।
नगर निगम मुख्यालय के सामने लगी पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिमा करीब तीन साल पहले लगाई गई थी। जिसका अनावरण 28 अगस्त 2022 को देश के रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने किया था। महज तीन साल में ही प्रतिमा के दरक जाने को लेकर यह कहा जा रहा था कि उसका निर्माण घटिया हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिमा के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद ऑनन-फानन में उसकी मरम्मत कराई गई। हालांकि जल्दबाजी में मरम्मत कराए जाने से प्रतिमा वह हिस्सा अभी पूरी तरह से दुरुस्त नहीं हुआ है जहां पर यह दरकी थी। आने वाली पांच जनवरी को पूर्व मुख्यमंत्री मंत्री की जयंती भी है। इस मौके पर यहां पर माल्यार्पण के लिए प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के लोग आते हैं। नगर निगम के जोनल अभियंता अतुल मिश्रा ने बताया कि प्रतिमा की मरम्मत करा दी गई है। प्रतिमा की पुट्टी उखड़ गई थी जिसे ठीक करा दिया गया है।
---------