घर बैठे ऑनलाइन टास्क पूरा कर कमाई का लालच देकर जालसाजों ने अजय कुमार यादव से 6.40 लाख रुपये ठग लिए। वहीं, शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर जालसाजों ने शरद कुमार श्रीवास्तव से 5.49 लाख रुपये ऐंठ लिए। दोनों पीड़ितों ने गोमतीनगर विस्तार व तालकटोरा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
मूलरूप से बलिया के बालापुर हालपुर, बांसडीह निवासी अजय कुमार यादव वर्तमान में गोमतीनगर विस्तार की गीतापुर कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। उनके अनुसार, एक से तीन नवंबर के बीच साइबर जालसाजों ने ऑनलाइन टास्क पूरा कर घर बैठे रुपये कमाने का लालच दिया। अजय ने कुछ टास्क पूरे किए, जिसके एवज में जालसाजों ने उन्हें कुछ रुपये भी दिए। इसके बाद आरोपियों ने प्रीमियम टास्क का हवाला देकर धीरे-धीरे उनसे 6.40 लाख रुपये ऐंठ लिए। टास्क पूरा करने के बाद भी उन्हें कोई रकम नहीं मिली। छानबीन करने पर उन्हें ठगी का पता चला। एडीसीपी पूर्वी अमोल मुर्कुट ने बताया कि शुक्रवार को गोमतीनगर विस्तार थाने में आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, तालकटोरा के सेक्टर-जी निवासी शरद कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, उन्हें शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ग्लोबल मार्केट क्लूज नाम के व्हाट्सऐप ग्रुप से जोड़ा गया। जालसाजों ने शेयर मार्केट में निवेश के बदले मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। उनकी बातों में आकर शरद निवेश के लिए राजी हो गए। इसके बाद जालसाजों ने कई बार में उनसे 5.49 लाख रुपये ठग लिए। इतनी बड़ी रकम निवेश करने के बाद भी उन्हें कोई पैसा नहीं मिला। छानबीन करने पर उन्हें ठगी का पता चला। डीसीपी पश्चिम जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बृहस्पतिवार को तालकटोरा थाने में आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। साइबर क्राइम सेल की मदद से मामले की जांच की जा रही है।