राजधानी के चारबाग रेलवे स्टेशन से छह वर्ष पहले पुलिसवालों को धक्का देकर भागा अपहरण का आरोपी मेरठ से गिरफ्तार किया गया है। इस पर 25 हजार का इनाम था। इसने पश्चिम बंगाल में अपहरण को अंजाम दिया था। आगे पढ़ें पूरा मामला...
राजधानी लखनऊ में छह वर्ष पहले चारबाग रेलवे स्टेशन पर पुलिसवालों को धक्का देकर भागा अपहरण का आरोपी मेरठ में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इस पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित था।
विज्ञापन
चारबाग रेलवे स्टेशन जीआरपी प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि मामला वर्ष 2019 का है। बदोसराय, बाराबंकी निवासी बबलू उर्फ शनि ने पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर में अपहरण की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद वह उत्तर प्रदेश भाग आया। पश्चिम बंगाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल ले जा रही थी। इसी बीच चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर बबलू पुलिसवालों को धक्का देकर भाग गया था।
पुलिस ने फरारी में उसकी चार्जशीट लगा दी। 25 हजार का पुरस्कार घोषित कर दिया गया। सर्विलांस की टीम की मदद से उसकी खोजबीन जारी रही। अभियुक्त इन वर्षों में छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, दिल्ली व उत्तर प्रदेश के जिलों में घूमता रहा। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर बबलू को मेरठ के दौराला के पावरग्रिड मटौर के पास से गिरफ्तार किया गया।