लखनऊ। गुरुद्वारा आशियाना में गुरमत रागी व ग्रंथी काउंसिल की ओर से रविवार को भव्य नगर कीर्तन का आयोजन हुआ। यह नगर कीर्तन गुरुद्वारा आशियाना से लेकर गुरुद्वारा आलमबाग तक निकाला गया। इस दौरान विरासते खालसा गतका पार्टी की ओर से मंच पर साहसिक करतबों का प्रदर्शन किया गया।
सरोजनीनगर से विधायक राजेश्वर सिंह और संघ के प्रचारक कौशल किशोर समेत विभिन्न गुरुद्वारा कमेटियों की ओर से नगर कीर्तन का शुभारंभ किया गया। नगर कीर्तन में दशमेश पब्लिक स्कूल, अवध कॉलेजिएट, सेंट मिराज इंटर कॉलेज व खालसा स्कूल के विद्यार्थियों ने सिखी बाणा धारण कर बैंड के साथ सहभागिता करते हुए नगर कीर्तन की शोभा बढ़ाई।
दशमेश पब्लिक स्कूल की ओर से श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहादत को समर्पित एक विशेष झांकी भी प्रस्तुत की गई। इसके अतिरिक्त रायबरेली, उन्नाव, कानपुर, सुल्तानपुर, बाराबंकी एवं प्रतापगढ़ सहित विभिन्न जिलों से आए कीर्तनी जत्थों ने प्रस्तुति देकर नगर कीर्तन की शोभा बढ़ाई।
नगर कीर्तन मार्ग में कई स्थानों पर गुरु के लंगर के स्टॉल लगाए गए जहां श्रद्धालुओं को सेवा प्रदान की गई। मीडिया प्रभारी हरजीत सिंह ने बताया कि नगर कीर्तन के गुरुद्वारा आलमबाग पहुंचने पर गुरु साहिब की सवारी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और पुष्प वर्षा के साथ श्रद्धापूर्वक गुरुद्वारा आलमबाग लाया गया। जनरल सेक्रेटरी रतपाल सिंह, निर्मल सिंह, त्रिलोक सिंह तुटेजा, राजेंद्र सिंह राजू, इकबाल सिंह, इंदरपाल सिंह, गुरदीप सिंह, परविंदर सिंह सहित अन्य कमेटियों के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। अंत में गुरु का लंगर वितरित किया गया।
नगर कीर्तन में गतका दल ने दिखाए साहसिक करतब