लखनऊ के हजरतगंज स्थित इंडियन बैंक की मुख्य शाखा में मंगलवार शाम बैंक कर्मचारियों ने जालसाज अमित कुमार को दबोचा जो एटीएम के बटन पर फेवीक्विक लगाकर लोगों को चूना लगा रहा था।
इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार उपाध्याय ने बताया कि जालसाज अमित फोरेक्स लेन सैनिक फर्म नई दिल्ली का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी ने कुबूला कि की-पैड पर फेवीक्विक लगाने के बाद उपभोक्ता एटीएम का पासवर्ड डालने के बाद न तो एंटर का बटन दबा सकते थे और न ही एग्जिट का।
इसके बाद वह उसी पासवर्ड पर रकम निकाल लेता था। जालसाज की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। बैंक मैनेजर ने हजरतगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। बैंक मैनेजर बृजेंद्र सिंह मलिक ने बताया कि मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे कुछ ग्राहकों ने एटीएम से छेड़छाड़ की शिकायत की।
ग्राहकों ने बताया कि एटीएम का बटन काम नहीं कर रहा है। कुछ ग्राहकों ने शिकायत की कि कार्ड स्वैप करने के बाद रकम नहीं निकली लेकिन, कुछ देर बाद खाते से पैसे निकलने का मैसेज आ गया।
इस पर जब सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए तो पता चला कि शाम करीब पांच बजे एक युवक एटीएम बूथ में आया और आधा घंटा तक रहा। इस दौरान उसने एटीएम के बटन पर फेवीक्विक डाला और पैकेट को डस्टबिन में फेंक दिया।
इसके बाद जो भी ग्राहक एटीएम कार्ड लगाता और पासवर्ड डालने के बाद एंटर और एग्जिट का बटन दबाता तो वह जाम मिलता। इसके बाद जालसाज उसी पासवर्ड पर रकम निकाल कर फरार हो जाता।