लखनऊ। उत्तर प्रदेश राजकीय अभिलेखागार और व्हाइटस्वान आर्ट की तरफ से रविवार से बुधवार तक शहीद स्मृति भवन में ‘विश्व शांति एवं स्थिरता’ विषय पर चार दिवसीय आयोजन होगा। इसमें वैश्विक तनाव के बीच राजधानी में कला, संगीत और व्यंजन के जरिए शांति और एकता का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन रविवार को कलाकार प्रो. जय कृष्ण अग्रवाल करेंगे। इस दौरान डॉ. रवि भट्ट और प्रो. सुधीर मिश्रा भी मौजूद रहेंगे। सोमवार को ‘कला और विश्व शांति’ विषय पर पैनल चर्चा, उभरते कलाकारों का संगीत कॉन्सर्ट और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल मुख्य आकर्षण होंगे। मंगलवार को एक संस्था के जरिये वंचित व विशेष जरूरतमंद बच्चों के लिए आर्ट कैंप आयोजित किया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ शांति व विकास की राह दिखाते हैं।