मुख्तार अंसारी की गुर्गे की गोली मारकर हत्या
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
पुलिस के अनुसार शुएब किदवई लखनऊ से अपनी कार से बाराबंकी की ओर आ रहा था। जैसे ही वह असेनी अंडरपास के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए हमलावरों ने उसकी कार को घेर लिया और गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। गोलियों की आवाज से आसपास के लोग सहम गए। कुछ ही मिनटों में भीड़ जुट गई।
जब पुलिस मौके पर पहुंची तो शुएब कार की ड्राइविंग सीट पर औंधे मुंह पड़ा था। कार की विंडस्क्रीन पर गोलियों के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। पास में चार खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही एडीजी जोन प्रवीण कुमार ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि मृतक शुएब किदवई बॉबी कुख्यात गैंगस्टर मुख्तार अंसारी के गैंग से जुड़ा रहा है। उस पर हत्या, बल्बा आदि के छह मामले दर्ज थे। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही हाईवे अन्य प्रतिष्ठानों के कैमरों की रिकॉर्डिंग भी कब्जे में ली जा रही है।
जेलर व डॉक्टर की हत्या में आया था नाम
शुएब किदवई का नाम 1999 में लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र में जेलर की हत्या व इसके बाद शहर के डॉ. डीवी सिंह की हत्या के मामले में भी सामने आया था। उस सनसनीखेज वारदात में वह आरोपी बनाया गया था। हाल के वर्षों में वह बाराबंकी कचेहरी में प्रैक्टिस कर रहा था, लेकिन उसके पुराने आपराधिक संबंधों की चर्चा अक्सर होती रही।