लखनऊ में गोमतीनगर थानाक्षेत्र के पत्रकारपुरम चौराहे पर शॉपिंग कर बेटी के साथ घर लौट रही महिला कांस्टेेबल के साथ युवक ने सरेराह छेड़खानी की। विरोध किया तो साथी युवकों को आवाज लगाई और सिपाही से हाथपाई करने लगा।
पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौकेपर पहुंची पुलिस टीम से भी युवक उलझ गए। थाने में तहरीर दी जिस पर एफआईआर दर्ज हुई। इसकेबाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
चिनहट थाने में तैनात महिला सिपाही गोमतीनगर के पत्रकारपुरम केपास रहती है। बुधवार शाम बेटी के साथ पत्रकारपुरम चौराहे पर शॉपिंग करने गई थी। पत्रकारपुरम चौराहे के पास एक शोहदे ने छेड़खानी की, महिला कांस्टेबल ने विरोध किया तो गाली-गलौज करने लगा।
इसके बाद अचानक हाथापाई पर उतर आया। इसी दौरान अपने कुछ अन्य साथियों को भी बुला लिया। महिला सिपाही ने अपनी बेटी को घर भेजा और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
महिला कांस्टेबल ने बताया कि पीआरवी पुलिस टीम के पहुंचने पर युवकों ने कहा कि आपस का मामला है, आप लोग चले जाओ। इसके बाद वह भी वापस चले गए। कांस्टेबल के मुताबिक उसने एसओ और सीओ गोमतीनगर को फोन मिलाया, लेकिन बात नहीं हो सकी।
इसके बाद महिला कांस्टेबल सीधे थाने पहुंची। उसने थाने में तहरीर दी। इसी दौरान एसओ गोमतीनगर भी थाने पहुंचे। उन्होंने महिला कांस्टेबल से बातचीत कर एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया।