लखनऊ। नाका के रानीगंज निवासी ई रिक्शा चालक अनिल कुमार सोनकर (32) ने मंगलवार तड़के घर में फंदा लगा लिया। इसकी वजह का पता नहीं चला है। उधर, मड़ियांव में आईआईएम रोड के पास रहोड़ा पुरवा गांव निवासी श्रमिक कमलेश (47) ने कैंसर से परेशान होकर खुदकुशी कर ली।
इंस्पेक्टर नाका अभिनव वर्मा ने बताया कि हीरालाल के अनुसार उनका बेटा अनिल सोमवार रात ई रिक्शा चलाने गया था। मंगलवार सुबह छह बजे लौटने के बाद वह घर के ऊपरी हिस्से में बने अपने कमरे में सोने चला गया। कुछ देर के बाद पत्नी अंजलि कमरे में पहुंची तो अनिल को कुंडे में दुपट्टे के सहारे लटका देखा।
मूल रूप से सीतापुर के महोली उतुल पुर गांव निवासी श्रमिक कमलेश (47) पत्नी कमला और दो बेटों के साथ किराये के मकान में रहते थे। भाई राम लखन ने बताया कि कमलेश कैंसर के कारण काफी परेशान रहते थे। सोमवार रात पत्नी और बेटों के सोने के बाद वह कमरे से निकले और घर के पास पेड़ से रस्सी के सहारे लटककर जान दे दी। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्र ने बताया कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है।