लखनऊ। गोमतीनगर में चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) और उनकी पत्नी को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। चालक अमन ने दंपती की निजी तस्वीरें और वीडियो हासिल कर उनसे 24 लाख रुपये ऐंठ लिए।
अब अमन पीड़ित सीए से एक करोड़ रुपये की मांग कर रहा है। मांग पूरी न होने पर अमन व उसके तीन साथियों ने सीए के घर पहुंचकर उन्हें धमकाया। सोमवार को पीड़ित ने गोमतीनगर थाने में अमन और उसके तीन साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
इंस्पेक्टर बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि सीए ने करीब ढाई महीने पहले इटौंजा के जमखनवा निवासी अमन को चालक रखा था। अमन ने इस दौरान दंपती की निजी तस्वीरें व वीडियो बना लिए। इसके बाद आरोपी उन्हें ब्लैकमेल करने लगा। अमन की इस हरकत पर सीए ने उसे नौकरी से हटा दिया। इसके बाद अमन ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी, जिससे परेशान होकर दंपती ने उसे ऑनलाइन और नकद 24 लाख रुपये दिए।
बेटे के अपहरण की धमकी देकर मांगे एक करोड़ रुपये
सीए का आरोप है कि अमर उनसे एक करोड़ रुपये मांग रहा है। रुपये न देने पर उसने उनके बेटे के अपहरण व जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने उनकी पत्नी के व्हाॅट्सएप पर मेसेज भेजकर भी रुपयों की मांग की। सीए के अनुसार, 12 जून को अमन अपने तीन साथियों के साथ कार से उनके घर पहुंचा और उन्हें धमकाया। आरोपियों की हरकतों से परेशान होकर उन्होंने गोमतीनगर थाने में जबरन वसूली और धमकाने की एफआईआर दर्ज कराई। इंस्पेक्टर का कहना है कि सर्विलांस की मदद से आरोपी अमन और उसके साथियों का पता लगाया जा रहा है।