दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद अयोध्या में हाई अलर्ट हो गया है। राम मंदिर का भी सुरक्षा घेरा सख्त कर दिया गया है। अयोध्या के सभी प्रवेश द्वारों पर चेकिंग की जा रही है। बैरियरों पर तैनात सुरक्षा बलों को विशेष निगरानी और जांच के निर्देश दिए गए हैं। सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से सभी संवेदनशील और भीड़ वाले स्थानों की निगरानी की जा रही है। एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने राम मंदिर परिसर की सुरक्षा का जायजा लिया।
उन्होंने मंदिर परिसर के सभी बैरियर और चेकिंग पॉइंट का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा बलों को अलर्ट मोड में रहने की हिदायत दी। अयोध्या में आने वाले सभी वाहनों की जांच की जा रही है। इसके बाद ही शहर में प्रवेश मिल रहा है। रामनगरी में तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा रेड जोन, यलो जोन और ग्रीन जोन अलर्ट मोड में हैं। इस बीच आईजी प्रवीण कुमार भी ग्राउंड जीरो पर उतर गए हैं। उन्होंने रात में लता मंगेशकर चौक, राम जन्मभूमि, टेढ़ी बाजार और अयोध्या धाम के सभी प्रवेश द्वारों का निरीक्षण किया। खुद वाहनों की तलाशी ली और चालकों व उसमें बैठे लोगों से पूछताछ की। आईजी ने सड़क के किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों और कारों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न होने पाए।