काकोरी। काकोरी विकासखंड क्षेत्र के राजकीय गेहूं क्रय केंद्र जेहटा और बहरू से जुड़े गांवों के किसानों का सत्यापन न होने से उनमें आक्रोश है। किसानों का कहना है कि नवंबर से अब तक कई बार पंजीकरण कराने के बावजूद सदर तहसील के कर्मचारियों और अधिकारियों की लापरवाही से सत्यापन नहीं हो सका, जिससे उनके गेहूं की खरीद नहीं हो पा रही है।
कुसमी गांव के जगतपाल सिंह और सरोज कुमारी ने बताया कि सत्यापन न होने के कारण केंद्र प्रभारी ने गेहूं लेने से इन्कार कर दिया। इसी तरह भालिया के अखिलेश सिंह, विजय कमल सिंह, बहरू के अशोक, मूलचंद भारती, खानपुरमऊ के अंकित यादव और गोरामऊ के शिवकुमार का सत्यापन न होने के कारण गेहूं खरीदा नहीं जा सका। किसानों का कहना है कि वे लगातार केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।
वहीं जनपद स्तरीय अधिकारी विपुल कुमार सिन्हा ने बताया कि खाद्य विभाग के पोर्टल पर अब रजिस्ट्रेशन के बाद किसानों का सत्यापन स्वतः हो रहा है। यह प्रक्रिया दो दिन पहले शुरू की गई है और जल्द ही समस्या का समाधान कर गेहूं की खरीद शुरू करा दी जाएगी।