हादसे के बाद सड़क से बस को हटाते पुलिसकर्मी।
मोहनलालगंज। क्षेत्र के फुलवरिया मोड़ के पास बुधवार देर रात लगभग 1:30 बजे प्राइवेट स्लीपर बस सामने आ रहे ट्रक से बचने के दौरान अनियंत्रित होकर मकान में जा घुसी। हादसे में बस में सवार 35 लोग घायल हो गए। घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई।
इंस्पेक्टर मोहनलालगंज बृजेश चंद्र त्रिपाठी के अनुसार, बस वाराणसी से जयपुर जा रही थी। देर रात फुलवरिया मोड़ के पास ज्योतिनगर की ओर से ट्रक अचानक सामने आ गया। उससे बचने के लिए बस चालक ने स्टेयरिंग को दाहिनी ओर मोड़ दिया और नियंत्रण खो बैठा। इससे बस इस्लाम मोहम्मद के मकान से टकरा गई। हादसे में मकान का गेट और एसी रिपेयरिंग की दुकान क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में बस चालक इटावा निवासी विवेक चौहान (42) का पैर टूट गया। वहीं परिचालक राजस्थान गंगानगर निवासी हर्षदीप (25) भी घायल हो गए। दोनों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। इसके अलावा बस में सवार 33 यात्रियों को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालकर वैकल्पिक साधनों से रवाना किया। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को हटाकर मार्ग खाली कराया। इसके बाद दो घंटे बाधित रहे हाईवे पर यातायात सामान्य रूप से चालू हो गया।
हादसे के बाद सड़क से बस को हटाते पुलिसकर्मी।
हादसे के बाद सड़क से बस को हटाते पुलिसकर्मी।
हादसे के बाद सड़क से बस को हटाते पुलिसकर्मी।