कैसरबाग से लखीमपुर जाने वाली बस में हुई थी अभद्रता
माई सिटी रिपोटेर
लखनऊ। कैसरबाग से लखीमपुर जाने वाली अनुबंधित बस के चालक को दृष्टिबाधित यात्री से अभद्रता महंगी पड़ गई। दृष्टिबाधित यात्री को धक्का दिया था. जिससे यात्री चोटिल हो गया था।
दृष्टिबाधित यात्री ने मामले की जानकारी दृष्टिबाधित दिव्यांग समिति को दी थी। समिति की उपाध्यक्ष माया गुप्ता ने बताया कि दृष्टिबाधित यात्री दिलीप कुमार कश्यप की शिकायत लखीमपुर के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक से की गई थी। उन्होंने बताया कि दिलीप कुमार कश्यप बीती 13 दिसंबर को दोपहर करीब ढाई बजे कैसरबाग बस स्टेशन पर लखीमपुर की बस में सवार हुए थे। लखीमपुर डिपो की अनुबंधित बस संख्या यूपी 31 बीटी 0042 को चालक राजीव गुप्ता संचालित कर रहे थे। बस चालक ने दिलीप कुमार कश्यप से अभद्रता की। उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वह गिरकर चोटिल हो गए। उन्हें चालक ने अपशब्द भी कहे थे। मामले में तत्परता दिखाते हुए सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, लखीमपुर डिपो ने चालक को तत्काल प्रभाव से हटा दिया। अग्रिम आदेश तक वह बस संचालन नहीं कर सकेंगे।