‘अध्यक्ष जी, इनके (भाजपा सदस्यों) गले से आवाज नहीं निकल रही है। सीने में दम नहीं रह गया। मुंह से मुर्दाबाद तक नहीं निकल रहा है। इन्हें घी-तेल पिलाइए। एनर्जी दीजिए।’
संसदीय कार्य मंत्री मो. आजम खां ने शुक्रवार को विधानसभा में यह बात उस वक्त कही जब सदन में हंगामा कर रहे भाजपा सदस्यों की नारेबाजी थम गई।
विधानसभा में कार्यवाही शुरू होने के बाद भाजपा सदस्यों के हंगामे के बीच आजम खड़े हो गए और भाजपा को निकम्मा बताते हुए कहा कि ये अपना निकम्मापन छिपाने के लिए सदन नहीं चलने देना चाहते हैं।
ये समाज को प्रदूषित कर नफरत फैलाने वाले लोग हैं। समाज के लिए इनके पास कोई संदेश नहीं है। यूपी सरकार विकास कर रही है तो ये उस पर झाड़ू फेर रहे हैं। इसके अलावा इनके पास कोई काम नहीं है।
उपचुनाव में हार का ठीकरा हमारी सरकार के सिर फोड़ रहे हैं। अध्यक्ष को इसका संज्ञान लेना चाहिए। आजम के तंज कसने के बाद भाजपाइयों को थोड़ा जोश आया और सदन में थोड़े-बहुत नारे सुनाई देने लगे।