ऐशबाग स्टेशन पर आरपीएफ ने पकड़ी जीएसटी चोरी, 14.40 लाख के 99 मोबाइल जब्त
ऐशबाग स्टेशन पर आरपीएफ ने पकड़ी जीएसटी चोरी, 14.40 लाख के 99 मोबाइल जब्त
लखनऊ। ट्रेनों के जरिए टैक्स चोरी कर सामान ले जाने वालों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शिकंजा कस दिया है। बुधवार को ऐशबाग स्टेशन पर चलाए गए अभियान में आरपीएफ टीम ने बिना जीएसटी के ले जाए जा रहे 99 नए मोबाइल फोन जब्त कर एक व्यापारी को गिरफ्तार किया है। बरामद फोनों की कीमत 14.40 लाख रुपये आंकी गई है।
आरपीएफ ऐशबाग प्रभारी निरीक्षक अजमेर सिंह यादव और उपनिरीक्षक रणजीत की टीम स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 4/5 पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति काले बैग के साथ दिखाई दिया। पूछताछ में बलरामपुर निवासी संतोष कुमार बताया। बैग की तलाशी में विभिन्न कंपनियों के 99 नए स्मार्टफोन मिले, जिनका कोई बिल व्यापारी प्रस्तुत नहीं कर सका।आरोपी का गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस (15070) के एसी चेयरकार (सी-3) में आरक्षण था। वह इन फोनों को बिना जीएसटी चुकाए ले जा रहा था। आरपीएफ ने जब्त मोबाइल फोन और व्यापारी को आगे की कार्रवाई के लिए जीएसटी विभाग के सुपुर्द कर दिया है। इससे पहले भी आरपीएफ ने बादशाहनगर स्टेशन से करीब 27 लाख रुपये के टैक्स चोरी के सोने के साथ एक व्यापारी को दबोचा था।