लखनऊ। नगर निगम ओर सरोजनीनगर तहसील की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को शहीद पथ स्थित अंसल टाउनशिप के अंदर आने वाले गांव यूसुफ नगर उर्फ बगिया में करीब चार हजार वर्ग फीट जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। इस पर एक बिल्डर ने कब्जा कर बाउंड्री बना ली थी।
अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अंसल में सरकारी जमीन पर कब्जे की जानकारी के बाद जांच कराई गई और फिर कार्रवाई के लिए टीम भेजी गई। लेखपाल संदीप यादव ने बताया कि गाटा संख्या 278 की भूमि राजस्व अभिलेखों में बंजर के रूप में दर्ज है। यह भूमि नगर निगम की शासकीय संपत्ति है। कुछ लोगों ने अस्थायी अतिक्रमण कर रखा था, जिसे विरोध बीच हटाया गया।
जानकारों ने बताया कि जिस जमीन पर निर्माण किया जा रहा था, वह अंसल के सेक्टर सी पॉकेट पांच में राजकीय प्राथमिक विद्यालय की भूमि केपास में थी। स्कूल की जमीन पर कब्जा अंबे नामक एक बिल्डर कंपनी कर रही थी। जानकारों ने यह भी बताया कि इसी जमीन के नीचे 48 फ्लैट की सीवर लाइन है और एलआईजी बिल्डिंग को पावर सप्लाई करने वाले ट्रांसफार्मर का केबल भी गया है, उसके बाद भी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया।