गड़बड़ी की शिकायतों के बाद विधान परिषद के आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए सोमवार को तीन केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया गया। 23 अक्तूबर को हुए 95 फीसदी मतदान की तुलना में तीनों बूथों पर आधे ही वोट पड़े। मतदान बाद मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा में फिरोजाबाद रोड स्थित नवीन मंडी समिति स्थित स्ट्रांग रूम पहुंचा दिया गया। मंगलवार को सुबह 8 बजे से मतगणना होगी।
सोमवार को हुए पुनर्मतदान में सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसडीएम और एसीपी स्तर के अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट और एडीएम और डीसीपी को जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई। कई थानों की पुलिस तैनात की गई। निर्वाचन प्रेक्षक अभिषेक प्रकाश, रिटर्निंग अधिकारी आयुक्त नगेंद्र प्रताप, जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल, डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार और डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल ने सैंया, खेरागढ़ एवं फतेहाबाद के मतदेय स्थलों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
आंकड़ों के अनुसार, मतदेय स्थल संख्या-20 (तहसील परिसर खेरागढ़) में कुल 438 मतों में से सिर्फ 226 मत पड़े, जबकि 23 अक्तूबर को यहां 432 वोट डाले गए थे। मतदेय स्थल संख्या-21 (क्षेत्र पंचायत कार्यालय सैंया) में 948 में से 554 वोट पड़े जबकि पिछली बार यहां शत-प्रतिशत मतदान हुआ था। वहीं मतदेय स्थल संख्या-26 (क्षेत्र पंचायत कार्यालय फतेहाबाद) में भी 960 में से 563 मत पड़े जबकि 23 अक्तूबर को 849 वोट पड़े थे।
गड़बड़ी पर लिया गया पुनर्मतदान का फैसला
23 अक्तूबर को मतदान के दौरान इन तीनों बूथों पर बूथ कैप्चरिंग, धांधली और अन्य गड़बड़ियों के गंभीर आरोप लगे थे। सैंया में शत-प्रतिशत मतदान हुआ था। वहीं, खेरागढ़ और फतेहाबाद में भी जमकर फर्जी वोट पड़े। मामले की शिकायत मिलने पर निर्वाचन आयोग ने जांच के आदेश दिए। जांच रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से आयोग ने 23 अक्तूबर के मतदान को रद करते हुए 26 अक्तूबर को पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया था।
14-14 टेबलों पर होगी मतगणना, तैयारियां पूरी
विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 की मतगणना मंगलवार सुबह 8 बजे से फिरोजाबाद रोड स्थित नवीन गल्ला मंडी समिति स्थल पर शुरू होगी। जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने अधिकारियों के साथ मतगणना स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी व समयबद्ध मतगणना कराने के सख्त निर्देश दिए।
डीएम ने बताया कि स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना के लिए 14-14 टेबल लगाई गई हैं। हर टेबल पर सीसीटीवी कैमरा, वीडियोग्राफी, साउंड सिस्टम और लगातार निगरानी की व्यवस्था की गई है।
बिना अधिकृत पास के किसी भी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी और सभी मतगणना कर्मियों को ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से आईडी कार्ड पहनना होगा। निरीक्षण के समय एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व संदीप वर्मा, एडीएम नमामि गंगे जुबैर बेग व अन्य मौजूद रहे।
फतेहाबाद और सैंया में उलझे लोग
पुनर्मतदान के दौरान बूथ के बाहर फर्जी वोट डालने के आरोप पर सपा एजेंट महेश सिसौदिया और एक मतदाता में नोकझोंक हुई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों को समझाकर मामला शांत कराया। सैंया मतदान केंद्र पर मतदान के दौरान भाजपा और सपा प्रत्याशियों के समर्थक दो बार आमने-सामने आ गए। पहले दोपहर करीब 12 बजे मतदान केंद्र के बाहर भाजपा और सपा समर्थकों के बीच नोकझोंक हुई। मौके पर पहुंचीं एसीपी श्वेता वर्मा ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को वापस भेज दिया। इसके बाद दोपहर करीब तीन बजे दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए लेकिन पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया।
मतगणना के बीच सपा प्रत्याशी का बड़ा आरोप
आगरा समेत 12 जिलों के 412 मतदान स्थलों पर 23 और 26 अक्टूबर को हुए मतदान के बाद मंगलवार सुबह नवीन गल्ला मंडी, फिरोजाबाद रोड पर मतों की गणना की प्रक्रिया शुरू हो गई। बैलट बॉक्स स्ट्रांग रूम से बाहर निकालकर स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना के लिए बनाई गई 14-14 टेबल पर मतपत्र निकालकर बंडल बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मतगणना की इस प्रक्रिया के बीच समाजवादी पार्टी के शिक्षक क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने प्रशासनिक अमले और सत्तारूढ़ दल पर बड़ा हमला बोला है।
मतगणना की निष्पक्षता पर सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने उठाए सवाल
मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने कहा कि चुनाव आयोग के नियमों और मैनुअल के अनुसार निष्पक्ष व ईमानदारी से काउंटिंग होनी चाहिए, बिना किसी लाठीचार्ज या एजेंटों को भगाए प्रक्रिया पूरी होनी चाहिए। आरोप लगाया कि इस पूरी प्रक्रिया में चुनाव आयोग के पर्यवेक्षक और आरओ (RO) पूरी तरह से मौन बने हुए हैं। डॉ. अग्रवाल ने पश्चिम बंगाल का हवाला देते हुए भाजपा पर तंज कसा और कहा कि वहां की गई घटनाओं की बात की जाती है, लेकिन उत्तर प्रदेश शासन और प्रशासन के साए में सत्ता पक्ष द्वारा नियमों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जनता और मतदाता सब देख रहे हैं, और निर्वाचन नियमों का पालन पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
मतगणना में धांधली का आरोप, सपा पदाधिकारियों ने प्रशासन पर उठाए सवाल
यमुनापार स्थित नवीन गल्ला मंडी समिति में खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन की मतगणना के दौरान पुलिस-प्रशासन मुस्तैद रहा। इस बीच समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव मुकेश कुमार उर्फ प्रधान और बबलू सिंह ने सत्ता पक्ष पर धांधली का आरोप लगाया। सपा पदाधिकारियों का कहना है कि चुनाव के दौरान धांधली की शिकायतों के चलते दोबारा चुनाव कराना पड़ा था। इसके बावजूद प्रशासन सत्ता के दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाए।
स्ट्रांग रूम से निकलीं मतपेटियां
एमएलसी चुनाव 2026 की मतगणना में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के बूथ 1 से 68 तक मतपत्रों के 100-100 के बंच बनाने की प्रक्रिया जारी है, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के बूथ 1 से 58 तक की मतपेटियां स्ट्रांग रूम से निकालकर बंच बनाए जा रहे हैं। प्रशासन के अनुसार, पहला रुझान दोपहर करीब 12 बजे तक आने का अनुमान है।
अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
आगरा के नवीन गल्ला मंडी पर मतगणना के दौरान हंगामा हो गया। सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें जबरन मतगणना स्थल से दूर किया जा रहा है। हंगामे की सूचना पर पुलिस और अधिकारी अलर्ट हो गए।
बंडल बनने के बाद होगी वोटों की गिनती
आगरा की नवीन गल्ला मंडी में शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना जारी है। मतपेटियों से मतपत्र निकालकर उनके बंडल बनाए जा रहे हैं, जिसके बाद मतों की गिनती की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
आगरा नवीन गल्ला मंडी में शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना शुरू, जल्द आएगा पहला रुझान
आगरा नवीन गल्ला मंडी में वोटों की गिनती शुरू हो गई है। यहां शिक्षक चुनाव के वोटों की गिनती की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि कुछ ही देर में पहला रुझान जारी कर दिया जाएगा।
सपा के दावे पर कमिश्नर की सफाई, आरओ-एआरओ टेबल पर मौजूदगी का दावा
आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के दौरान समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी शशांक यादव उर्फ सीटू को मतगणना केंद्र में प्रवेश न दिए जाने की शिकायत के बाद मामला गरमा गया है। समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग से इस मामले में संज्ञान लेने और निष्पक्ष मतगणना सुनिश्चित करने की अपील की थी।
इस शिकायत के जवाब में, डिविजनल कमिश्नर, आगरा ने स्पष्ट किया है कि समाजवादी पार्टी के स्नातक प्रत्याशी शशांक यादव उर्फ सीटू मतगणना प्रारंभ के समय से ही मतगणना स्थल पर मौजूद हैं। उन्होंने इस ट्वीट को भ्रामक और तथ्यहीन बताते हुए कहा कि प्रत्याशी आरओ/एआरओ टेबल पर स्वयं उपस्थित हैं। इस संबंध में साक्ष्य के तौर पर फोटो भी संलग्न किए गए हैं। यह जानकारी सहायक रिटर्निंग अफसर/जिलाधिकारी मथुरा, चंद्र प्रकाश सिंह द्वारा दी गई है।
सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने दी बड़ी जानकारी
आगरा शिक्षक एमएलसी चुनाव की पहले राउंड की मतगणना पूरी हो गई है। सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वो अभी लगभग एक हजार वोटों से आगे चल रहे हैं।
एमएलसी चुनाव की मतगणना में धांधली का आरोप
आगरा में शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना में धांधली का आरोप। सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने दावा किया कि मतगणना करीब आधे घंटे से रुकी हुई है। उन्होंने निष्पक्ष मतगणना कराने की मांग उठाई।
चैलेंज वोटों की गिनती के कारण मतगणना की रफ्तार धीमी
एमएलसी चुनाव में पहले चरण के मतों की गिनती पूरी हो चुकी है। फिलहाल चैलेंज मतों की गणना की जा रही है। इसके बाद पहले चरण का रुझान सामने आने की उम्मीद है। चैलेंज वोटों की गिनती एक-एक करके किए जाने के कारण मतगणना की रफ्तार धीमी हो गई है। सभी चैलेंज वोटों की गिनती पूरी होने के बाद ही पहला राउंड पूरा माना जाएगा।
अखिलेश यादव का एक्स पोस्ट वायरल, चुनाव आयोग से की ये मांग
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगरा खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना में धांधली का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से निष्पक्ष मतगणना सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जारी एक बयान में कहा कि सपा प्रत्याशी मतगणना में आगे चल रहे थे, लेकिन प्रशासन द्वारा मतगणना रोके जाने की सूचना है। अखिलेश यादव ने एक्स कर लिखा है कि 'आगरा खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। अब प्रशासन द्वारा काउंटिंग रोके जाने की सूचना है। चुनाव आयोग संज्ञान ले, निष्पक्ष मतगणना सुनिश्चित हो।'
सपा के स्नातक प्रत्याशी शशांक यादव और निर्दलीय अम्बरीश पाल सिंह ने उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी के स्नातक प्रत्याशी शशांक यादव उर्फ सीटू और निर्दलीय प्रत्याशी अम्बरीश पाल सिंह ने चुनाव प्रक्रिया पर बड़ा सवाल उठाया है। दोनों ने दावा किया है कि स्नातक मतदान की मत पेटियों के खुलने के दौरान 10-15 के बंच में मतपत्र निकल रहे हैं। साथ ही पत्रों में पीठासीन अधिकारी के हस्ताक्षर भी नहीं है। उनका दावा है कि चुनाव अधिकारियों ने कहा है कि सभी मतों की गणना की जाएगी चाहे उनमें हस्ताक्षर हूं या ना हों। वहीं अम्बरीश पाल सिंह ने कहा है कि मार्क किए हुए वोटों को नहीं गिना जाना चाहिए, लेकिन चुनाव अधिकारी उन्हें वोटों की गिनती के बंडल में शामिल कर रहे हैं। दोनों ही प्रत्याशियों ने चुनाव आयोग से तत्काल संज्ञान लेते हुए मतगणना कर रहे अधिकारियों को निष्पक्ष गणना के निर्देश देने के आदेश देने की मांग की है।
सपा कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा
आगरा में काउंटिंग रोकने और धांधली के आरोपों के बीच समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आगरा की मंडी समिति के बाहर नारेबाजी की और जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस से काफी तीखी नोंक झोंक देखने को मिली। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में आक्रोश है और उनका कहना है कि सत्ता के दबाव में प्रशासन उनके प्रत्याशियों को हारने की साजिश कर रहा है।