10:21 AM, 21-Nov-2026
PM Modi Bihar Visit Live: सड़क और बिजली क्षेत्र में कई बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत
प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। सड़क निर्माण से जुड़ी योजनाओं में औरंगाबाद-चोरदाहा एनएच-19 खंड, चोरमा-बैरगनिया एनएच-227एफ और उमगांव-सहरसा एनएच-327 के छह लेन निर्माण से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं। ऊर्जा क्षेत्र में बक्सर ताप विद्युत परियोजना की दूसरी यूनिट का उद्घाटन भी प्रस्तावित है। इसकी उत्पादन क्षमता 660 मेगावाट है। इसके साथ ही बिजली वितरण और पारेषण व्यवस्था को बेहतर बनाने वाली योजनाओं की भी शुरुआत होगी। पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना के तहत 1,130 करोड़ रुपये से अधिक के काम भी इनमें शामिल हैं। इसके अलावा नवादा के फुलवरिया बांध में फ्लोटिंग सोलर परियोजना, नहरों और तटबंधों के जीर्णोद्धार तथा कहलगांव में सीवरेज व्यवस्था से जुड़ी योजनाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल और प्रशासनिक सुविधाओं से संबंधित कई भवनों और संस्थानों को भी जनता को समर्पित किया जाएगा।