Easy Home Organization Hacks: घर में हमेशा जगह से ज्यादा सामान होता है। खासकर अगर घर छोटा या फ्लैट हो तो सामान व्यवस्थित रखना किसी चुनौती से कम नहीं है। रोजमर्रा का बहुत सारा सामान ऐसा होता है, जो हमें समझ ही नहीं आता कि इन्हें कहां रखें, जैसे कपड़े, जूते, रसोई का सामान और रोज की जरूरत की चीजें अक्सर घर में बिखरी नजर आती हैं। इस कारण कमरा और छोटा दिखाई देने लगता है।
हालांकि कुछ स्मार्ट स्टोरेज आइडियाज अपनाकर आप कम जगह में भी घर को साफ-सुथरा और खूबसूरत बना सकते हैं। अगर आप भी छोटे फ्लैट या कम जगह वाले घर में रहते हैं या सामान सही तरीके से व्यवस्थित करना चाहते है तो यहां कुछ टिप्स बताए जा रहे हैं, जो आपके छोटे से घर में भी काफी स्पेस बनाने में मदद कर सकते हैं।
घर में स्टोरेज के टिप्स
- बेड के नीचे बनाएं स्टोरेज स्पेस
बेड के नीचे खाली जगह का इस्तेमाल चादरें, कंबल, मौसमी कपड़े और जूते रखने के लिए करें। इसके लिए स्टोरेज बॉक्स या दराज वाले बेड का चुनाव कर सकते हैं। इसमें ऐसा सामान रखें, जिनका रोज इस्तेमाल न होता हो लेकिन हफ्ते या महीनों में सामान निकालना और रखना पड़े।
- दीवारों का करें सही इस्तेमाल
छोटे घर में दीवारों पर शेल्फ और हुक लगाकर किताबें, सजावटी सामान, बैग और रसोई की जरूरी चीजें रखी जा सकती हैं। इससे फर्श पर जगह खाली रहती है। अपने रोजमर्रा के कपड़ों से लेकर शेल्फ पर हल्की चीजों को व्यवस्थित कर सकते हैं।
- मल्टीफंक्शनल फर्नीचर चुनें
फर्नीचल में भी ऐसी चीजो को शामिल करें, जिसमें स्टोरेज की व्यवस्था हो। आजकल फोल्डिंग टेबल, दराज वाले सोफे, स्टोरेज वाली कुर्सियों का चलन है। यह छोटे घरों के लिए उपयोगी विकल्प होते हैं। ये एक ही जगह पर कई काम स्टोर करने में मदद करते हैं।
- बॉक्स और बास्केट से व्यवस्थित करें सामान
छोटी-छोटी चीजों को अलग-अलग बॉक्स और बास्केट में रखें। इससे सामान ढूंढना आसान होगा और घर भी व्यवस्थित दिखेगा। किचन के सामान से लेकर लाॅन्डरी और बच्चों की चीजों को व्यवस्थित करने के लिए बाॅक्स और बास्केट काम में आ सकते हैं।
बेकार की चीजें घर में जगह घेरती हैं। उन्हें रखने की बजाए, हटा देना चाहिए। जिन चीजों का इस्तेमाल लंबे समय से नहीं हुआ है, उन्हें छांटकर दान करें या अलग रखें। इससे घर में अतिरिक्त जगह बनेगी और सफाई करना भी आसान होगा।