आज की भाग-दौड़ और तनाव से भरी जिंदगी में लोग मानसिक शांति पाने के लिए तरह-तरह के उपाय अपनाते हैं। कोई मेडिटेशन करता है, तो कोई जिम जाकर एक्सरसाइज, लेकिन इन सबके बीच एक बहुत ही आसान और कारगर तरीका सामने आया है- ब्रिस्क वॉक यानी तेज चाल से चलना। विशेषज्ञ मानते हैं कि रोजाना केवल 20-30 मिनट की ब्रिस्क वॉक न सिर्फ तनाव को कम करती है, बल्कि दिमाग और शरीर, दोनों को ताजगी से भर देती है।
पहले जानें
ब्रिस्क वॉक का आसान सा मतलब है- सामान्य चाल से थोड़ा अधिक तेज गति से चलना। ब्रिस्क वॉक के लिए इतनी रफ्तार से चलना कि आपकी सांसें थोड़ी तेज हो जाएं, लेकिन आप हांफें नहीं। विशेषज्ञ 5-6 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चलने को ब्रिस्क वॉक कहते हैं। इसके लिए आपको किसी खास उपकरण या जिम मेंबरशिप की जरूरत नहीं होती, बल्कि जरूरत होती है आरामदायक जूते और थोड़ी-सी इच्छाशक्ति की।
कैसे करती है काम
जब आप तेज चाल से चलती हैं तो शरीर में एंडोर्फिन हार्मोन रिलीज होता है, जिसे हैप्पी हार्मोन भी कहा जाता है। एंडोर्फिन हार्मोन आपके मूड को बेहतर बनाता है और तनाव को कम करता है। यही वजह है कि ब्रिस्क वॉक को नेचुरल एंटीडिप्रेशन भी कहा जाता है।
शरीर भी स्वस्थ
ब्रिस्क वॉक एक प्रभावी व्यायाम है, जो ब्लड सर्कुलेशन को सुधारता है और वजन को नियंत्रित रखने में मदद करता है। यह दिल की बीमारियों के खतरे को कम करता है और डायबिटीज तथा हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए भी लाभकारी है। रोजाना तेज चाल से चलने पर मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है और कैलोरी तेजी से बर्न होती है, जिससे शरीर फिट और ऊर्जावान रहता है।
दिमागी थकान दूर
जब आप खुली हवा और प्रकृति के बीच चलती हैं तो दिमाग को और भी ज्यादा शांति मिलती है। रोजाना 20-30 मिनट की ब्रिस्क वॉक आपकी दिमागी थकान को दूर करती है। इससे नींद की गुणवत्ता में सुधार आता है, चिंता और अवसाद के लक्षण कम होते हैं और आत्मविश्वास बढ़ता है। कई शोधों में यह साबित हो चुका है कि नियमित वॉक करने वालों में तनाव का स्तर 40 प्रतिशत तक कम हो जाता है।
कैसे पड़ेगी आदत
ब्रिस्क वॉक की शुरुआत 10-15 मिनट से करें और धीरे-धीरे समय को 30 मिनट तक बढ़ाएं। सुबह या शाम का समय वॉक के लिए सबसे उपयुक्त होता है। चलने के लिए हल्के, आरामदायक कपड़े पहनें और अच्छे कुशनिंग वाले जूते चुनें, ताकि पैरों पर अधिक दबाव न पड़े। वॉक के लिए पार्क, गार्डन या ओपन स्पेस का चयन करें, जिससे ताजी हवा और प्रकृति का लाभ भी मिल सके और मन भी प्रसन्न रहे। ब्रिस्क वॉक न तो महंगी है, न ही इसमें कोई जटिलता है। बस इसे आदत बनाने की जरूरत है। तेज चलना स्वस्थ रहने का एक सिंपल, लेकिन मैजिकल फॉर्मूला है, जो हर किसी की जिंदगी में फिट बैठता है।
दिन में आधा घंटा
फिटनेस एक्सपर्ट सागरिका शर्मा बताती हैं, रोजाना 20 से 30 मिनट तेज चाल से वॉक करना शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है और मानसिक सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद साबित होता है। वॉक के दौरान शरीर में एंडोर्फिन हार्मोन का स्राव होता है, जो मूड को अच्छा करता है, तनाव को कम करता है और आत्मविश्वास बढ़ाता है। वॉक हृदय, फेफड़ों और मांसपेशियों को मजबूत बनाती है और मेटाबॉलिज्म को बेहतर करती है। ब्रिस्क वॉक हर उम्र और वर्ग के लोगों के लिए उपयुक्त है। अगर आप व्यस्त दिनचर्या में अन्य व्यायाम नहीं कर पातीं तो दिन में आधा घंटा वॉक जरूर करें। यह आदत आपके जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाएगी।